हरिद्वार जा रहे आगरा के तीन दोस्तों की मौत, एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर तोड़कर पलटी थार

: रविवार तड़के सहारनपुर में बेलड़ा जुनारदार गोलचक्कर के पास हादसा, दो दोस्त गंभीर घायल; शनिवार रात घर से निकले थे पांचों युवक

सहारनपुर। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के भीषण सड़क हादसे में आगरा के तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। नागल क्षेत्र में बेलड़ा जुनारदार के पास गोलचक्कर पर तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी ओर पलट गई। हादसे के बाद कार सवार पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान आगरा निवासी साहिल तिवारी (25), सक्षम उपाध्याय (22) और राहुल कुमार (24) के रूप में हुई है। साहिल शांतिनगर, कमला नगर के निवासी थे, जबकि सक्षम रैनका बाग और राहुल तेहड़ी बगिया के रहने वाले थे। हादसे में घायल सचिन वर्मा और हेमंत वर्मा का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

हरिद्वार के लिए निकले थे पांचों दोस्त

जानकारी के अनुसार, पांचों दोस्त शनिवार रात करीब नौ बजे आगरा से हरिद्वार जाने के लिए थार कार में सवार होकर निकले थे। रविवार तड़के करीब चार बजे बेलड़ा जुनारदार के पास गोलचक्कर पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार थार डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी ओर पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।

तीन परिवारों में मचा कोहराम

हादसे में तीन युवकों की मौत की खबर से आगरा में उनके परिवारों में कोहराम मच गया। हरिद्वार की यात्रा पर निकले दोस्तों के साथ हुए इस हादसे ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts