भाजपा ने पश्चिम क्षेत्र की मीडिया टीम में किया फेरबदल, गजेंद्र शर्मा को मिली कमान
मनोज पोसवाल बने प्रदेश प्रवक्ता, संजय महेश्वरी, निमित्त जायसवाल और नितिन शर्मा को सह मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी
मेरठ। भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम क्षेत्र समेत प्रदेश स्तर पर अपने मीडिया विभाग में फेरबदल करते हुए नई टीम की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से तीन अक्टूबर को जारी सूची में मेरठ के गजेंद्र शर्मा को पश्चिम क्षेत्र का क्षेत्रीय मीडिया संयोजक बनाया गया है। नई नियुक्तियों के साथ पार्टी ने क्षेत्रीय और प्रदेश स्तर पर मीडिया से जुड़ी जिम्मेदारियां नए सिरे से तय की हैं।
गजेंद्र शर्मा लंबे समय से भाजपा से जुड़े हैं। संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालने के साथ वह पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। उनके साथ संजय महेश्वरी, निमित्त जायसवाल और नितिन शर्मा को पश्चिम क्षेत्र का सह मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है। नई टीम पश्चिम क्षेत्र में पार्टी के मीडिया और संचार से जुड़े कार्यों का संचालन करेगी।
मनोज पोसवाल को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी
मेरठ निवासी मनोज पोसवाल को प्रदेश प्रवक्ताओं की टीम में शामिल किया गया है। वह इससे पहले पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, भाजपा युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वहीं, अवनीश त्यागी को भी दोबारा प्रदेश प्रवक्ता की टीम में शामिल किया गया है।
31 प्रदेश प्रवक्ता और 25 मीडिया पैनलिस्ट नियुक्त
प्रदेश स्तर पर हिमांशु दुबे और दीपक घेघल को प्रदेश मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा ने 31 प्रदेश प्रवक्ताओं और 25 प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट की सूची भी जारी की है। नई टीम के गठन के साथ पार्टी ने प्रदेश और पश्चिम क्षेत्र में मीडिया प्रबंधन से जुड़ी जिम्मेदारियों का पुनर्गठन किया है।

No comments:
Post a Comment