त्योहारों से पहले बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

एमडी ने धामपुर के बिजलीघरों का किया औचक निरीक्षण, अनुरक्षण कार्यों में तेजी लाने को कहा

मेरठ, 3 अक्टूबर। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने अनुरक्षण माह के तहत बिजनौर के धामपुर में 33/11 केवी धामपुर टाउन-प्रथम बिजलीघर और मुरादाबाद रोड पर निर्माणाधीन धामपुर टाउन-द्वितीय बिजलीघर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बिजलीघरों में चल रहे अनुरक्षण कार्यों और विद्युत व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेते हुए कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति पर जोर

धामपुर टाउन-प्रथम बिजलीघर के निरीक्षण के दौरान एमडी ने पावर ट्रांसफार्मर, वितरण ट्रांसफार्मर और संबंधित उपकरणों के अनुरक्षण की जानकारी ली। उन्होंने बिजलीघर और यार्ड की साफ-सफाई के साथ सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए। पावर ट्रांसफार्मर के लोड, ऑयल लेवल, अर्थिंग, ऑयल टेम्प्रेचर इंडिकेटर समेत अन्य मानकों की जांच कर निर्धारित मानकों के अनुरूप अनुरक्षण सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने लॉग शीट, ब्रेकडाउन रजिस्टर और शिकायत रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। वीसीबी और कंट्रोल पैनल की कार्यशीलता की जांच के साथ ट्रांसफार्मर की डब्ल्यूटीआई, तापमान और ओटीआई टेम्प्रेचर का भी जायजा लिया।

शिकायतों का प्राथमिकता से हो निस्तारण

एमडी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। आगामी त्योहारों को देखते हुए गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए विद्युत प्रणाली के उच्चीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के कार्यों को तेजी से पूरा करने पर भी जोर दिया।

31 अक्टूबर तक नया बिजलीघर चार्ज करने का लक्ष्य

मुरादाबाद रोड पर निर्माणाधीन 33/11 केवी धामपुर टाउन-द्वितीय बिजलीघर का निरीक्षण करते हुए एमडी ने निर्माण कार्य की प्रगति देखी। यह बिजलीघर धामपुर क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था पर पड़ रहे अतिरिक्त भार को कम करने के उद्देश्य से बनाया जा रहा है। इसके संचालन से ओवरलोडिंग, लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग जैसी समस्याओं में कमी आने तथा उपभोक्ताओं को अधिक सुचारू विद्युत आपूर्ति मिलने में मदद मिलेगी।

एमडी ने निर्देश दिए कि 31 अक्टूबर 2026 से पहले नए बिजलीघर का निर्माण पूरा कर उसे चार्ज करते हुए लोड डालने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अनुरक्षण माह के तहत विद्युत प्रणाली के उच्चीकरण और सुदृढ़ीकरण के कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts