मशीन से गन्ना कटाई को बढ़ावा, किसानों को बताए हार्वेस्टर के फायदे
समय और श्रम की बचत के साथ समयबद्ध कटाई में मददगार आधुनिक तकनीक अपनाने का आह्वान
मेरठ, 3 अक्टूबर। गन्ना विकास विभाग, बुलंदशहर एवं त्रिवेणी शुगर एंड इंडस्ट्रीज यूनिट, साबितगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को साबितगढ़ चीनी मिल परिसर में किसानों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें किसानों को मैकेनाइज्ड केन हार्वेस्टर से गन्ने की कटाई के फायदे और इसके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से गन्ना खेती में आधुनिक तकनीक और मशीनीकरण को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
समयबद्ध कटाई में मिलेगी मदद
उप गन्ना आयुक्त, मेरठ परिक्षेत्र यशपाल सिंह ने किसानों से सीधे संवाद करते हुए मैकेनाइज्ड केन हार्वेस्टर के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मशीनों के इस्तेमाल से गन्ने की कटाई में लगने वाले समय को कम करने, श्रम की आवश्यकता घटाने और समयबद्ध कटाई में मदद मिल सकती है। आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने से गन्ना उत्पादन और कटाई की प्रक्रिया को अधिक दक्ष एवं समयानुकूल बनाया जा सकता है।
किसानों की जिज्ञासाओं का किया समाधान
संवाद के दौरान किसानों ने मैकेनाइज्ड केन हार्वेस्टर से जुड़ी विभिन्न जिज्ञासाएं और सवाल अधिकारियों के सामने रखे। अधिकारियों ने मशीन आधारित कटाई की प्रक्रिया और इसके व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी देते हुए किसानों की शंकाओं का समाधान किया। साथ ही किसानों को गन्ना कटाई में मशीनीकरण अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में एससीडीआई बुलंदशहर, साबितगढ़ एवं अगौता, साबितगढ़ चीनी मिल के यूनिट हेड एवं जीएम (केन), गन्ना समिति बुलंदशहर के अध्यक्ष सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गन्ना किसान मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment