फ्लाईओवर पर सरियों से टकराई बाइक, युवक की मौत
ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाहर निकले सरियों में उलझा बाइक सवार, अस्पताल में तोड़ा दम
दौराला। दिल्ली-दून हाईवे पर दौराला फ्लाईओवर के ऊपर रविवार को सरियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रॉली से बाहर निकले सरियों में बाइक उलझने से हादसा हुआ। पुलिस ने टोल प्लाजा की एंबुलेंस से घायल को मोदीपुरम स्थित एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मुजफ्फरनगर के खालापार निवासी भूरे पुत्र निसार रविवार को बाइक से मेरठ से अपने घर लौट रहा था। दौराला फ्लाईओवर पर उसके आगे सरियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली चल रही थी। इसी दौरान उसकी बाइक ट्रॉली से बाहर निकले सरियों में उलझ गई। हादसे में भूरे गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए 1033 नंबर पर सिवाया टोल प्लाजा की एंबुलेंस को सूचना दी गई। एंबुलेंस की मदद से घायल को एसडीएस ग्लोबल अस्पताल, मोदीपुरम में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हादसे की सूचना उसके परिजनों को दी।
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक को थाने भिजवाकर यातायात सुचारु कराया। इंस्पेक्टर दौराला ने बताया कि घायल युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत परिजनों में शोक का माहौल बना कर है।


No comments:
Post a Comment