नकली नोटों की तस्करी करने वाले गैंग का खुलासा
नकली नोटों की तस्करी करने वाले गैंग का खुलासा
दो सिपाही हिस्ट्रीशीटर के साथ मिलकर करते थे लूट, पांच गिरफ्तार
मेरठ। भावनपुर थाना पुलिस ने नकली नोटों की तस्करी और लूट की वारदातों से जुड़े गैंग का खुलासा करते हुए दो पुलिसकर्मियों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में भावनपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर साजिद भी शामिल है, जिसे गैंग का सरगना बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक दोनों सिपाही हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों के साथ मिलकर लोगों को लूटने की वारदातों में शामिल थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 25 हजार रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा ठगी और जालसाजी में इस्तेमाल की जाने वाली 37 रद्दी नोटों की गड्डियां भी बरामद हुई हैं। डायल-112 के माध्यम से लूट की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और जांच के दौरान गैंग का खुलासा हुआ।
मामले में दोनों सिपाहियों की भूमिका सामने आने के बाद एसएसपी ने दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गैंग से जुड़े अन्य लोगों और पूर्व की वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि बरामद नकली नोटों और अन्य सामान की भी जांच की जा रही है।

No comments:
Post a Comment