चुनाव आयोग से 300 मीटर पहले आकाशवाणी भवन में राहुल-प्रियंका, कांग्रेस बोली- जम गया डेरा

नई दिल्ली। SIR के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों का ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ मंगलवार को दिल्ली में शुरू हुआ। संसद के मकर द्वार से चुनाव आयोग की ओर बढ़ रहे विपक्षी सांसदों को पुलिस ने चुनाव आयोग से करीब 300 मीटर पहले रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा आकाशवाणी भवन के अंदर पहुंच गए।

विपक्षी सांसदों के प्रदर्शन को देखते हुए संसद से चुनाव आयोग तक के मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। कांग्रेस ने आकाशवाणी भवन में राहुल और प्रियंका गांधी के पहुंचने को लेकर कहा कि यहां ‘डेरा जम गया है।’

19 विपक्षी दल मार्च में शामिल

INDIA गठबंधन के इस मार्च में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, NCP (SP), शिवसेना (UBT), RJD, CPM, CPI, नेशनल कॉन्फ्रेंस, PDP, JMM, CPI-ML, IUML समेत 19 विपक्षी दलों के सांसद शामिल हैं। मार्च में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत समेत कई प्रमुख विपक्षी नेता मौजूद हैं।

विपक्षी दल SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण का विरोध कर रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठा रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि SIR के जरिए मतदाता सूची को प्रभावित किया जा सकता है, जबकि चुनाव आयोग इस प्रक्रिया को चुनावी सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने की कवायद बता रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts