सर्दियों से पहले मेरठ की सड़कों पर सुरक्षा का ‘सोलर कवच’, प्रमुख चौराहों पर लगेंगे ब्लिंकर्स
ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर हादसों पर लगेगी लगाम, गड्ढे भरने में लापरवाही पर डीएम नाराज; कैट्स आई भी लगाई जाएंगी
मेरठ। सर्दियों में कोहरे और कम दृश्यता के चलते होने वाले सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए मेरठ में सड़क सुरक्षा के इंतजाम तेज किए जाएंगे। शहर के प्रमुख चौराहों और रास्तों पर सोलर ब्लिंकर्स व कैट्स आई लगाई जाएंगी। वहीं, ठंड शुरू होने से पहले दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर वहां हादसे रोकने के जरूरी उपाय किए जाएंगे। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में संबंधित विभागों को इस संबंध में निर्देश दिए।
ब्लैक स्पॉट पर होंगे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
डीएम ने कहा कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभाग शासन और सड़क सुरक्षा परिषद के निर्धारित मानकों के अनुरूप काम करें। उन्होंने एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैक स्पॉट चिह्नित करने और वहां जरूरी सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए, ताकि हादसों की आशंका कम की जा सके।
गड्ढे भरने में मानकों की अनदेखी पर फटकार
बैठक में नगर निगम की ओर से सड़कों के गड्ढे भरने के कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम, एमडीए और लोक निर्माण विभाग को शहर की सभी सड़कों के गड्ढे तय मानकों के अनुसार भरने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
गलत पार्किंग पर होगी कार्रवाई
सर्दियों से पहले प्रमुख चौराहों और मार्गों पर सोलर ब्लिंकर्स और कैट्स आई लगाने के निर्देश दिए गए। इससे कोहरे और अंधेरे में वाहन चालकों को रास्ते की बेहतर जानकारी मिल सकेगी। डीएम ने पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए सड़क किनारे और प्रतिबंधित स्थानों पर गलत तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
विकास कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश
नगर निगम, एमडीए और लोक निर्माण विभाग को शहर में चल रहे विकास कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर जिलाधिकारी भू-अर्जन, एसपी सिटी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment