दुकान से मकान तक पहुंचीं आग की लपटें, पहली मंजिल पर फंसे सात लोग; सीढ़ी लगाकर बचाई जान
मेरठ के इस्लामनगर में बड़ा हादसा टला, शोर सुनकर दौड़े लोग और पुलिस बनी मददगार; करीब पांच लाख रुपये का नुकसान
मेरठ। टीपीनगर क्षेत्र के इस्लामनगर में शुक्रवार को एक परचून की दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें पहली मंजिल तक पहुंच गईं और वहां मौजूद परिवार के सात सदस्य अंदर ही फंस गए। बाहर निकलने का रास्ता बंद होने पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस ने मकान के पिछले हिस्से में सीढ़ी लगाकर सभी सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
पीवीसी पैनल लगाने के दौरान लगी आग
इस्लामनगर निवासी महबूब पुत्र पप्पू के मकान के भूतल पर परचून की दुकान है, जबकि परिवार पहली मंजिल पर रहता है। शुक्रवार को दुकान में पीवीसी पैनल लगाने का काम चल रहा था। मकान में पैनल और सॉल्यूशन रखा हुआ था। बताया गया कि शॉर्ट सर्किट के बाद सॉल्यूशन ने आग पकड़ ली। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान से ऊपर मकान तक फैल गई। घर में रखा सामान भी आग की चपेट में आ गया।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े आसपास के लोग
आग लगने के समय मकान में पप्पू की पत्नी नोसाबा (45), बेटा महबूब, बहू जुबेदा, दो बेटियां सोनिया और सोफिया तथा महबूब के दो बेटे मौजूद थे। आग फैलने से बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया और सभी पहली मंजिल पर फंस गए। परिवार के सदस्यों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
पुलिस ने सीढ़ी लगवाकर कराया रेस्क्यू
सूचना मिलने पर मलियाना चौकी प्रभारी प्रेम गौतम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से मकान के पिछले हिस्से में सीढ़ी लगाई गई। इसके बाद एक-एक कर सभी सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दमकल विभाग की टीम ने आग बुझाई।
टीपीनगर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग से करीब पांच लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।


No comments:
Post a Comment