मेरठ कॉलेज के महिला प्रकोष्ठ और प्रकृति क्लब ने चलाया स्वच्छता एवं महिला जागरूकता अभियान
मलिन बस्ती में बालिकाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण और अधिकारों की दी जानकारी, बच्चों को बांटी दीपावली सामग्री
मेरठ। मेरठ कॉलेज के महिला प्रकोष्ठ एवं प्रकृति—सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी एंड सस्टेनेबिलिटी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में 28 अक्टूबर को रक्षापुरम के निकट स्थित मलिन बस्ती में स्वच्छता एवं महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत बालिकाओं और महिलाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म स्वच्छता, पौष्टिक भोजन, शिक्षा तथा महिला सशक्तीकरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
सेनेटरी पैड और दीपावली सामग्री वितरित
महिला प्रकोष्ठ की संयोजक प्रो. डॉ. मोनिका भटनागर तथा प्रकृति क्लब की संयोजक प्रो. सुजाता मैनवाल ने बालिकाओं को स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सेनेटरी पैड वितरित किए गए। वहीं, बच्चों को केले और फ्रूटी के साथ दीपावली के उपलक्ष्य में लड्डू एवं दीपक भी बांटे गए।
पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाने की अपील
कार्यक्रम में विज्ञान, कला, वाणिज्य, कानून एवं शिक्षा संकाय के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की। शिक्षिकाओं ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखते हुए धुएं और वायु प्रदूषण को कम करने वाली पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाने की अपील की। साथ ही बालिकाओं और महिलाओं को उनके अधिकारों तथा उनके हित में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम में प्रो. विनीता, प्रो. संगीता उपाध्याय, प्रो. नविता एस. कुमार, प्रो. दिव्या और प्रो. शैली ने सहयोग प्रदान किया।
आयोजन का उद्देश्य वंचित समुदाय की बालिकाओं और बच्चों में स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।


No comments:
Post a Comment