‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से विपक्ष को बेनकाब करेगी भाजपा: अनंत ओझा

गाजियाबाद में भाजपा की क्षेत्रीय बैठक, 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी हुई चर्चा

गाजियाबाद, लोकसत्य। भारतीय जनता पार्टी की क्षेत्रीय संगठनात्मक बैठक बुधवार को गाजियाबाद स्थित जानकी वन सभागार में आयोजित की गई। बैठक में आगामी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा अभियान की रूपरेखा और रणनीति पर मंथन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने की, जबकि प्रदेश सह-प्रभारी अनंत ओझा मुख्य अतिथि रहे। संचालन क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर ने किया।

कांग्रेस पर लगाए भ्रम फैलाने के आरोप

बैठक को संबोधित करते हुए अनंत ओझा ने कांग्रेस पर जनता के बीच भ्रम फैलाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सहित विपक्षी दल एसआईआर के विरोध के बहाने बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को भारत में बसाने का प्रयास कर रहे हैं। ओझा ने कहा कि हाल में बैलेट पेपर से हुए विधान परिषद चुनावों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तीनों सीटों पर भाजपा की जीत विपक्ष के आरोपों का जवाब है। उनके अनुसार, मतदाताओं ने भाजपा के पक्ष में समर्थन देकर चुनाव प्रक्रिया पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब दिया है।

ओझा ने विपक्षी दलों पर देश की छवि धूमिल करने और अराजकता को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा पदयात्रा के माध्यम से घुसपैठ, मताधिकार और विपक्ष की कथित नीतियों से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच उठाएगी।

कार्यकर्ताओं से अभियान को प्रभावी बनाने का आह्वान

क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने कार्यकर्ताओं से अभियान को प्रभावी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस की नीतियों और राजनीतिक रुख को जनता तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

पश्चिम क्षेत्र के प्रभारी रामप्रताप चौहान ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सोशल मीडिया, जनसंपर्क और सार्वजनिक कार्यक्रमों के माध्यम से विपक्ष के दावों का जवाब देंगे। साथ ही, भाजपा सरकार के कार्यों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम से वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

मेरठ के जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने की सहभागिता

बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी, राज्यसभा सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल, प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप, क्षेत्रीय महामंत्री अशोक मोंगा और संजीव सिक्का, रूपेंद्र सैनी, क्षेत्रीय मंत्री अजय भराला एवं वरुण पंवार तथा क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा मौजूद रहे।

मेरठ से महापौर हरिकांत अहलूवालिया, विधायक अमित अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, कमल दत्त शर्मा और महानगर महामंत्री नरेंद्र उपाध्याय सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts