रोबो असेंड कार्यशाला में विद्यार्थियों ने समझी रोबोटिक्स के घटकों की कार्यप्रणाली

सेंसर, कंट्रोलर, मोटर और एक्चुएटर की भूमिका से हुए परिचित, व्यावहारिक ज्ञान पर दिया जोर

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के सर छोटूराम इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (SCRIET) में आयोजित ‘रोबो असेंड’ पीयर-टू-पीयर लर्निंग कार्यशाला के आठवें दिन विद्यार्थियों को रोबोटिक्स के मूलभूत घटकों और उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। छात्र वक्ता रविंद्र नाथ मिश्रा ने बताया कि किसी रोबोट को प्रभावी ढंग से काम करने के लिए सेंसर, कंट्रोलर, मोटर, पावर सप्लाई और एक्चुएटर जैसे घटकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

सेंसर से लेकर मोटर ड्राइवर तक की समझी भूमिका

रविंद्र नाथ मिश्रा ने समझाया कि सेंसर रोबोट की आंख और कान की तरह काम करते हैं। ये आसपास की वस्तुओं, दूरी, तापमान और वातावरण से जुड़ी जानकारियां जुटाते हैं। माइक्रोकंट्रोलर या प्रोसेसर सेंसर से प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण कर निर्देश देता है, जबकि मोटर और एक्चुएटर उन निर्देशों के अनुसार रोबोट की गति और गतिविधियों को नियंत्रित करते हैं।

उन्होंने बताया कि पावर सप्लाई सभी इलेक्ट्रॉनिक घटकों को आवश्यक ऊर्जा उपलब्ध कराती है। वहीं, मोटर ड्राइवर कंट्रोलर से मिलने वाले कम शक्ति के संकेतों के आधार पर मोटरों को आवश्यक विद्युत शक्ति प्रदान करने में मदद करता है। इन सभी घटकों के बीच बेहतर समन्वय से रोबोट वातावरण को समझने, निर्देशों के अनुसार प्रतिक्रिया देने और निर्धारित कार्यों को पूरा करने में सक्षम होता है।

उदाहरणों से समझाया रोबोटिक्स का व्यावहारिक उपयोग

कार्यशाला में बाधा से बचने वाले रोबोट का उदाहरण देते हुए बताया गया कि दूरी मापने वाला सेंसर सामने मौजूद वस्तु का पता लगाता है। इसके बाद कंट्रोलर प्राप्त जानकारी का विश्लेषण करके मोटर को रुकने या दिशा बदलने का निर्देश देता है। इस उदाहरण के माध्यम से विद्यार्थियों ने रोबोटिक्स के सैद्धांतिक ज्ञान और उसके व्यावहारिक अनुप्रयोगों को समझा।

प्रयोग आधारित शिक्षा से बढ़ेगी तकनीकी दक्षता

संस्थान के निदेशक प्रो. नीरज सिंघल ने कहा कि रोबोटिक्स और ऑटोमेशन आधुनिक इंजीनियरिंग के महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। इस तरह की कार्यशालाएं विद्यार्थियों की तकनीकी समझ, नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता को विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रयोग आधारित शिक्षा के माध्यम से नई तकनीकों को सीखने और उपयोगी प्रोजेक्ट विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

संस्थान के एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर डॉ. केपी सिंह ने कहा कि पीयर-टू-पीयर लर्निंग विद्यार्थियों को आपसी सहयोग से सीखने, विचार साझा करने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर देती है। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. शिवम गोयल ने कहा कि रोबोटिक्स जैसे व्यावहारिक विषयों में इस पद्धति से विद्यार्थियों की अवधारणाएं स्पष्ट होती हैं और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है।

कार्यक्रम में श्री योगेश कौशिक और श्री पीयूष बत्रा का योगदान रहा। छात्र आयोजन टीम से अनन्या, ऋतिक कुमार अग्रहरी, शिखर तिवारी, सत्यम कुमार और प्रखर गंगवार भी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts