अपना दल (एस) ने प्रदेश पदाधिकारियों को सौंपी जिलों की जिम्मेदारी
मध्य प्रदेश में संगठन विस्तार की तैयारी तेज, अक्टूबर में पदाधिकारी करेंगे जिलों का दौरा
भोपाल। अपना दल (एस) ने मध्य प्रदेश में संगठन विस्तार की तैयारियों को तेज करते हुए प्रदेश पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल के निर्देशन और राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर.बी. सिंह पटेल के मार्गदर्शन में यह जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी का लक्ष्य बूथ और जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करना तथा स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद बढ़ाना है।
राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर.बी. सिंह पटेल को पन्ना, टीकमगढ़, ग्वालियर और गुना के साथ विशेष भ्रमण के लिए बीना की जिम्मेदारी दी गई है। राष्ट्रीय सचिव कालका सिंह निरंजन को छतरपुर और निवाड़ी, राष्ट्रीय सचिव सूर्यभान सिंह को सतना, वरिष्ठ नेता एवं राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम को महू और धार, प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन को रीवा, जबलपुर और बालाघाट तथा राष्ट्रीय महासचिव युवा मंच डॉ. अखिलेश पटेल को दतिया का संगठन संयोजक बनाया गया है।
कई जिलों में पदाधिकारियों को जिम्मेदारी
संगठन विस्तार के कार्यक्रम के तहत प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह को रायसेन और विदिशा तथा अमृतलाल पटेल को सिंगरौली, सीधी और शहडोल की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश गवांडे अलीराजपुर, झाबुआ, बड़वानी और मंदसौर के साथ विशेष भ्रमण के लिए नीमच का दायित्व संभालेंगे।
प्रदेश महासचिव एस.आर. नागले को हरदा और नर्मदापुरम, सीता शरण सिंह को मऊगंज और डिंडोरी तथा सुखेंद्र सिंह को मैहर और कटनी की जिम्मेदारी मिली है। प्रदेश सचिव राजेश कुमार पाल उमरिया और अनूपपुर, विजय पटेल नरसिंहपुर और सिवनी तथा रौशन पटेल अशोकनगर और सागर का संगठनात्मक काम देखेंगे।
इसके अलावा मनभरन कोल को छिंदवाड़ा, बृजभान सिंह को भोपाल ग्रामीण, नारेन्द्र सिंह को राजगढ़, भूपेंद्र पटेल को दतिया, विजय सिंह और राजेश्वर मिश्रा को भोपाल तथा प्रदेश कोषाध्यक्ष मोहित गुप्ता को भोपाल की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हरीश तलरेजा को श्योपुर और मुरैना, बाबूराम शेषकर को भोपाल ग्रामीण तथा सुरेंद्र नाहर को आगर-मालवा और शाजापुर का दायित्व सौंपा गया है।
अक्टूबर में शुरू होगा जिलावार दौरा
प्रदेश उपाध्यक्ष विधि मंच एडवोकेट राघव पटेल को इंदौर, प्रदेश महासचिव किसान मंच हरप्रसाद पटेल को दमोह और प्रदेश महासचिव शिक्षक मंच डीपी पटेल को इंदौर की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रदेश नेतृत्व ने सभी पदाधिकारियों को अक्टूबर में अपने-अपने जिलों का भ्रमण कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्हें जिला अध्यक्षों और स्थानीय पदाधिकारियों के साथ समन्वय कर जिला इकाइयों और विधानसभा अध्यक्षों की नियुक्ति में सहयोग करने को कहा गया है। जिन जिलों में जिला अध्यक्ष नियुक्त नहीं हैं, वहां संभावित नाम प्रदेश नेतृत्व को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
आर.बी. सिंह पटेल ने कहा कि संगठन संयोजक निर्धारित जिलों का नियमित भ्रमण कर जिला अध्यक्षों और स्थानीय पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। इन दौरों के माध्यम से संगठन की कमियों को दूर कर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद बढ़ाया जाएगा और मध्य प्रदेश में अपना दल (एस) के संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment