परीक्षितगढ़ में चोरों का आतंक, मकान-मंदिरों के बाद दिनदहाड़े टायर एजेंसी में चोरी
मेरठ। परीक्षितगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार रात और शनिवार दोपहर लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों और व्यापारियों में दहशत फैल गई। गोविंदपुरी में बदमाशों ने एक मकान और दो मंदिरों को निशाना बनाया, जबकि कस्बे में दिनदहाड़े टायर एजेंसी से नकदी और टायर चोरी कर फरार हो गए।
गोविंदपुरी निवासी राजपाल प्रजापति के मकान से बदमाश लोहे का संदूक और तीन मोबाइल चोरी कर ले गए। संदूक में घर की मरम्मत के लिए रखे एक लाख रुपये थे। शनिवार तड़के करीब चार बजे परिजनों को चोरी का पता चला। तलाश करने पर संदूक गांव के एक किसान के खेत के पास खाली मिला, जिसमें से नकदी गायब थी। इसी रात बदमाशों ने गांव के दूसरे छोर स्थित मां दुर्गा के दो मंदिरों की दानपेटियों के ताले तोड़कर करीब पांच हजार रुपये चोरी कर लिए।
शनिवार दोपहर कस्बे की बाला ट्रेडर्स टायर एजेंसी में भी चोरी हुई। दुकान मालिक कुलदीप के अनुसार बाइक सवार दो लोग टायर दिखाने के बहाने दुकान पर पहुंचे। उनके अंदर जाते ही बदमाश गल्ले से 10 हजार रुपये और एक टायर लेकर बाइक से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया और टायर एजेंसी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामलों की जांच की जा रही है।

No comments:
Post a Comment