दम्माम एयरपोर्ट पर हमले में एक भारतीय की भी मौत
दो अन्य भारतीय नागरिक घायल भी हुएरियाद (एजेंसी)।सऊदी अरब के दम्माम में किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में मारे गए दो लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल था, जबकि दो अन्य भारतीय नागरिक घायल हो गए। इस बात की जानकारी रियाद में भारतीय दूतावास ने गुरुवार को सऊदी अधिकारियों के हवाले से दी।
रियाद में भारतीय दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "सऊदी अधिकारियों ने जानकारी दी है कि कल रात दम्मम हवाई अड्डे पर हुए हमले में जान गंवाने वाले दो लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल था और दो अन्य भारतीय नागरिक घायल हुए हैं।"
दूतावास ने कहा कि वह और जानकारी जुटा रहा है और प्रभावित परिवारों से संपर्क कर रहा है। दूतावास ने आगे कहा, "हम और जानकारी जुटा रहे हैं और प्रभावित परिवारों से संपर्क कर रहे हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतकों के परिवारों और उनके प्रियजनों के साथ हैं और हम घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।"
सऊदी अरब के जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन की ओर से गुरुवार को जारी एक बयान के अनुसार, बुधवार शाम हवाई अड्डे पर हुए हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। मृतकों की पहचान एक सऊदी नागरिक और एक भारतीय निवासी के रूप में हुई। अथॉरिटी ने बताया कि घायलों की संख्या आठ है, जिनमें एक सऊदी नागरिक, दो भारतीय, दो यमनी, दो बांग्लादेशी और एक नेपाली नागरिक शामिल हैं।
अधिकारियों ने आगे पुष्टि की कि हमले के बाद हवाई अड्डे का कामकाज फिर से शुरू हो गया है और हवाई यातायात सामान्य हो गया है। यह घटना बुधवार शाम, 21 अक्टूबर को दम्मम के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई।


No comments:
Post a Comment