यूपीसीए ने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए वाणी स्कूल को भेंट की बस
मेरठ। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) निधि से वाणी स्कूल एवं रिसर्च सेंटर, भारत विकलांग संस्था की इकाई, को एक बस भेंट की। यह बस आज मेरठ में आयोजित प्रो. युद्धवीर सिंह के सम्मान समारोह के अवसर पर बीसीसीआई के उपाध्यक्ष एवं सांसद श्री राजीव शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान की गई।
वाणी स्कूल एवं रिसर्च सेंटर वर्ष 1997 से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा एवं विकास के लिए कार्य कर रहा है। संस्थान वर्तमान में लगभग 180 श्रवण बाधित विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान कर रहा है तथा उनके समग्र विकास के लिए आवश्यक सुविधाएं और आधारभूत संरचना उपलब्ध करा रहा है।
इस अवसर पर देवनागरी शिक्षा समिति के अध्यक्ष सेठ अजय अग्रवाल ने यूपीसीए की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए बस उपलब्ध कराया जाना एक उपयोगी और सराहनीय सहयोग है। इससे वंचित एवं विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के आवागमन में सुविधा होगी तथा उनके अध्ययन-अध्यापन के लिए विद्यालय को महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार का सहयोग विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में सहायक होता है।
सेठ अजय अग्रवाल ने मेरठ कॉलेज के सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो. युद्धवीर सिंह को सेवानिवृत्ति पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रो. युद्धवीर सिंह ने शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दी हैं और उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा।
यूपीसीए की इस पहल से विद्यार्थियों के आवागमन में सुविधा होगी और विद्यालय तक उनकी पहुंच अधिक सुगम बनेगी। यह सहयोग विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा उनके सशक्तीकरण की दिशा में एक सार्थक कदम है।

No comments:
Post a Comment