सौरमंडल से रोबोट तक... पीएमश्री स्कूल में बनेगा अनोखा साइंस-मैथ्स गार्डन
मेरठ। जिले के एक पीएमश्री विद्यालय में पांच लाख रुपये की लागत से साइंस-मैथ्स गार्डन बनाया जाएगा। मॉडल डेमॉन्स्ट्रेशन पार्क के रूप में विकसित होने वाले इस गार्डन में 26 तरह के मॉडल और उपकरण लगाए जाएंगे। दिसंबर तक इसे तैयार करने का लक्ष्य है। यहां विद्यार्थी विज्ञान और गणित की अवधारणाओं को प्रयोगात्मक गतिविधियों के जरिए समझेंगे। बाद में अन्य विद्यालयों के छात्र भी शैक्षिक भ्रमण के लिए आ सकेंगे।
गार्डन में सोलर सिस्टम, एआर सोलर चार्ट, ड्रोन, रॉकेट किट, रोबोटिक लर्निंग किट, डिस्टेंस मीटर, ट्रैफिक टावर और डायरेक्शन टावर समेत विभिन्न मॉडल होंगे। सौरमंडल मॉडल से ग्रहों की जानकारी, कोण मॉडल से अलग-अलग कोण और दूरी मापक से मिलीमीटर से किलोमीटर तक की व्यावहारिक समझ विकसित की जाएगी। कृत्रिम मानव मॉडल से शरीर के प्रमुख अंगों की जानकारी भी दी जाएगी।
मॉडल व उपकरणों की खरीद जेम पोर्टल से होगी। निगरानी के लिए जिला स्तरीय समिति गठित की जाएगी, जिसके अध्यक्ष जिलाधिकारी होंगे। बीएसए आशा चौधरी ने बताया कि विद्यालय चयन की प्रक्रिया चल रही है। गार्डन से बच्चों को देखकर, समझकर और गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा।

No comments:
Post a Comment