सरदार पटेल जयंती पर कृषि विश्वविद्यालय में मनेगा रजत जयंती समारोह
31 अक्टूबर को गांधी हॉल में होगा आयोजन, केंद्रीय मंत्री एवं रालोद अध्यक्ष जयन्त चौधरी होंगे मुख्य अतिथि
मेरठ, 29 अक्टूबर। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के साथ विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस एवं रजत जयंती समारोह मनाया जाएगा। विश्वविद्यालय की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयन्त चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से गांधी हॉल में आयोजित होगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और जनसेवा का प्रतीक है। उनके आदर्श कृषि शिक्षा, वैज्ञानिक नवाचार और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। रजत जयंती समारोह विश्वविद्यालय की 25 वर्षों की शैक्षणिक, वैज्ञानिक एवं अनुसंधान यात्रा की उपलब्धियों को सामने रखने के साथ भविष्य के लक्ष्यों को निर्धारित करने का अवसर भी है।
कृषि में आधुनिक तकनीक पर रहेगा जोर
कुलपति ने कहा कि कृषि विश्वविद्यालयों की भूमिका शिक्षा देने तक सीमित नहीं है। आधुनिक कृषि तकनीकों का विकास, किसानों की उत्पादकता और आय बढ़ाना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण तथा कृषि में डिजिटल तकनीक एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग भी महत्वपूर्ण है। विश्वविद्यालय युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के अवसर विकसित करने की दिशा में भी काम कर रहा है।
विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे जयन्त चौधरी
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. वी.पी. सिंह ने बताया कि मुख्य अतिथि जयन्त चौधरी समारोह में छात्र-छात्राओं को संबोधित करेंगे। उनका संबोधन शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी पर केंद्रित रहेगा।
समारोह में विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी शामिल होंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रजत जयंती समारोह के माध्यम से कृषि शिक्षा, अनुसंधान, प्रसार और नवाचार के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों तथा भावी योजनाओं को रेखांकित किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment