मिट्टी के हुनर से चमके मेरठ के नीलू, मंडलीय खादी महोत्सव में माटीकला के बने सिरमौर

गाजियाबाद की सीमा सागर दूसरे और हापुड़ के रिंकू तीसरे स्थान पर; चाक कार्यशाला में दिखा पारंपरिक कला का जादू, नृत्य प्रतियोगिता ने बांधा समां

मेरठ। मिट्टी को आकार देकर हुनर की पहचान बनाने वाले मेरठ के नीलू कुमार ने मंडलीय खादी महोत्सव 2026-27 में माटीकला प्रतियोगिता का पहला पुरस्कार अपने नाम किया। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की ओर से आयोजित मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में गाजियाबाद की सीमा सागर दूसरे और हापुड़ के रिंकू तीसरे स्थान पर रहे। महोत्सव के तीसरे दिन कारीगरों को सम्मानित करने के साथ पारंपरिक कला और सांस्कृतिक प्रतिभाओं का भी उत्सव मनाया गया।

पुरस्कार वितरण समारोह में अतिथियों ने विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि माटीकला केवल पारंपरिक विरासत ही नहीं, बल्कि स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता का भी सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से कारीगरों को पहचान मिलने के साथ हस्तकला को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है।



चाक पर सजी मिट्टी, हुनर से बनीं कलात्मक वस्तुएं

माटीकला को आमजन से जोड़ने के लिए आयोजित चाक कार्यशाला में मेरठ के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने मिट्टी से उपयोगी और कलात्मक वस्तुएं बनाने की प्रक्रिया को जाना। कार्यशाला के जरिए पारंपरिक कला के प्रति रुचि बढ़ाने और नई पीढ़ी को इससे परिचित कराने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा नेता आलोक सिसौदिया, उपायुक्त उद्योग अमरेश पांडेय और परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



नृत्य की प्रस्तुतियों से महका महोत्सव

शाम छह बजे कलाकोष के तत्वावधान में नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिला पंचायत सदस्य पूनम शर्मा मुख्य अतिथि रहीं। प्रतिभागियों ने अपनी नृत्य कला और आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों की सराहना बटोरी।

मंडलीय खादी महोत्सव के माध्यम से खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, स्थानीय कारीगरों व उद्यमियों को प्रोत्साहित करने और स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts