गन्ना शोध में शाहजहांपुर की बड़ी उपलब्धि, को शा 17231 ‘बिस्मिल’ बनी नॉर्थ-वेस्ट जोन की राष्ट्रीय मानक
अगेती गन्ना किस्मों के राष्ट्रीय परीक्षण में अब ‘बिस्मिल’ बनेगी मानक किस्म निदेशक अभिषेक आनंद ने वैज्ञानिकों को दी बधाई
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद, शाहजहांपुर के वैज्ञानिकों ने गन्ना अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि हासिल की है। परिषद द्वारा विकसित गन्ना किस्म को शा 17231 ‘बिस्मिल’ को अखिल भारतीय समन्वित गन्ना शोध परियोजना के अंतर्गत नॉर्थ-वेस्ट जोन की अगेती गन्ना किस्मों के परीक्षण के लिए नेशनल स्टैंडर्ड के रूप में मान्यता दी गई है। इससे इस किस्म को राष्ट्रीय स्तर पर अगेती गन्ना किस्मों के मूल्यांकन का मानक दर्जा प्राप्त हुआ है।
परिषद के निदेशक श्री अभिषेक आनंद ने बताया कि अखिल भारतीय समन्वित शोध परियोजना के अंतर्गत नॉर्थ-वेस्ट जोन में उत्तर प्रदेश के मध्य एवं पश्चिमी क्षेत्र के साथ उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान शामिल हैं। अब इन क्षेत्रों में विकसित एवं परीक्षण की जा रही अगेती गन्ना किस्मों की तुलना को शा 17231 से की जाएगी। नई किस्मों को जारी करने की प्रक्रिया में इस मानक के सापेक्ष उनके प्रदर्शन का मूल्यांकन महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने इसे संस्थान के वैज्ञानिकों के शोध प्रयासों की उल्लेखनीय सफलता बताते हुए पूरी टीम को बधाई दी।
परिषद के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अरविंद कुमार एवं डॉ सुजीत प्रताप सिंह ने बताया कि महाराष्ट्र के राहुरी में आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला में यह निर्णय लिया गया। इससे पहले पंजाब की गन्ना किस्म को जे 64 नॉर्थ-वेस्ट जोन की नेशनल स्टैंडर्ड थी। अब उसके स्थान पर शाहजहांपुर में विकसित को शा 17231 को यह महत्वपूर्ण स्थान मिला है।
यह उपलब्धि गन्ना शोध परिषद, शाहजहांपुर की वैज्ञानिक क्षमता और गन्ना किस्मों के विकास में उसके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर मिली मान्यता है। उल्लेखनीय है कि को शा 17231 को अमर शहीद राम प्रसाद बिस्मिल के सम्मान में ‘बिस्मिल’ नाम से जारी किया गया था।


No comments:
Post a Comment