डिवाइडर से टकराई बाइक, फार्मा कंपनी के मैनेजर और एमआर की मौत
50 मीटर तक सड़क पर घिसटते रहे दोनों युवक, डॉक्टरों से विजिट कर लौट रहे थे; प्रिंस के घर 20 दिन पहले हुआ था बेटे का जन्म
मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात सड़क हादसे में फार्मा कंपनी के एरिया मैनेजर और मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) की मौत हो गई। डॉक्टरों से विजिट कर बाइक से लौट रहे दोनों युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक करीब 50 मीटर तक सड़क पर फिसलती चली गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
द्वारका धाम कॉलोनी लौट रहे थे दोनों
मृतकों की पहचान प्रिंस (27) निवासी गाजियाबाद और अमित तोमर (42) निवासी आजादपुर, बड़ौत के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, प्रिंस मूल रूप से गोरखपुर का रहने वाला था और फार्मा कंपनी में एमआर के पद पर कार्यरत था। अमित तोमर इसी कंपनी में एरिया मैनेजर था। दोनों मंगलवार को डॉक्टरों से मुलाकात और विजिट के सिलसिले में निकले थे। काम खत्म करने के बाद वे सिवाया टोल प्लाजा के पास द्वारका धाम कॉलोनी स्थित अपने किराये के फ्लैट पर लौट रहे थे। बाइक प्रिंस चला रहा था।
डिवाइडर से टकराने के बाद दूर तक फिसली बाइक
बताया गया कि रास्ते में अचानक बाइक पर से प्रिंस का नियंत्रण हट गया और बाइक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक सड़क पर करीब 50 मीटर तक फिसलती चली गई। इस दौरान दोनों युवक सड़क पर घिसटते हुए गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देखकर राहगीर मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दोनों को अस्पताल भिजवाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
हादसे में उतरकर दूर जा गिरा हेलमेट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक चला रहे प्रिंस ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन बाइक फिसलने के दौरान हेलमेट उतरकर सड़क किनारे जा गिरा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। युवकों के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
20 दिन पहले घर में गूंजी थी बेटे की किलकारी
प्रिंस की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के मुताबिक, उसकी दो बेटियां हैं और करीब 20 दिन पहले ही बेटे का जन्म हुआ था। नवजात के आने से घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी बदहवास हो गई। परिवार के सामने अब तीन छोटे बच्चों के भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई थी। दुर्घटना की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।


No comments:
Post a Comment