तीन लाख में सेना में भर्ती कराने का झांसा, तीन युवकों से ठगी

मेडिकल में पास कराने के नाम पर भी मांगे एक लाख रुपये, मिलिट्री इंटेलिजेंस के इनपुट पर आरोपी गिरफ्तार; मूल दस्तावेज बरामद

मेरठ। सेना में भर्ती कराने और मेडिकल टेस्ट में पास कराने का झांसा देकर युवाओं से ठगी करने वाले आरोपी को मेरठ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने तीन युवकों को अपने जाल में फंसाकर उनके मूल दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए थे। इनमें से दो युवकों से एडवांस रकम भी वसूली गई थी। मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिले इनपुट के आधार पर एसपी सिटी की एसओजी ने मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान अमरोहा के गांव सेहदोली निवासी मदपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों युवकों के मूल दस्तावेज बरामद कर उन्हें वापस करा दिए हैं।

तीन लाख में भर्ती, एक लाख में मेडिकल पास कराने का दावा

पुलिस के मुताबिक, करीब एक महीने पहले सेना भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के दौरान मदपाल मेरठ पहुंचा था। उसने भर्ती स्थल के आसपास युवाओं से संपर्क कर उन्हें सेना में भर्ती कराने का भरोसा दिया। आरोपी ने दावा किया कि तीन लाख रुपये देने पर वह भर्ती प्रक्रिया में पास करा देगा। मेडिकल टेस्ट में पास कराने के लिए उसने अलग से एक लाख रुपये की मांग की। युवाओं का भरोसा जीतने के लिए उसने उनके मूल दस्तावेज भी अपने पास रख लिए।

किसी से एक लाख तो किसी से 80 हजार रुपये लिए

आरोपी के झांसे में अमरोहा के दो युवकों समेत तीन लोग आ गए। पुलिस के अनुसार, एक युवक से 2.80 लाख रुपये में सौदा तय हुआ और उससे एक लाख रुपये एडवांस ले लिए गए। दूसरे युवक से 80 हजार रुपये एडवांस वसूले गए। तीसरे युवक से तीन लाख रुपये में सौदा तय हुआ, लेकिन उसने रकम देने के बजाय अपने मूल दस्तावेज आरोपी को सौंप दिए।

भर्ती का परिणाम आने के बाद युवकों को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने शिकायत की, जिसके आधार पर आरोपी की तलाश शुरू हुई।

मिलिट्री इंटेलिजेंस की निगरानी में था आरोपी

मामले की जानकारी मिलने पर मिलिट्री इंटेलिजेंस ने आरोपी की तलाश शुरू की और एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले से संपर्क किया। इसके बाद सिटी एसओजी को गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस की टीम सोमवार को आरोपी के गांव पहुंची। टीम उसके घर तक गई, लेकिन भनक लगने पर आरोपी भाग निकला। वह घर से करीब 50 मीटर दूर से फरार हो गया। इसके बाद टीम ने तलाश जारी रखी और मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर मेरठ ले आई।

महिला की भूमिका की भी जांच

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीनों युवकों के मूल दस्तावेज बरामद कर उन्हें वापस करा दिए हैं। मामले में एक महिला की भूमिका भी सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस को आशंका है कि युवकों से वसूली गई रकम महिला के पास हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में जांच जारी है।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर ठगी की कुल रकम, संभावित सहयोगियों और अन्य युवाओं को निशाना बनाए जाने के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts