अंतरा-एससी गर्भनिरोधक इंजेक्शन को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों को दिया प्रशिक्षण
मेरठ। परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राम प्रसाद की अध्यक्षता एवं UPTSU लखनऊ की टीम के सहयोग से अंतरा गर्भनिरोधक त्रैमासिक इंजेक्शन सब-क्यूटेनियस (Antara-SC) को लेकर एक दिवसीय जनपद स्तरीय टीओटी (ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स) प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय स्थित सभागार में किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण में रजपुरा, भूड़बराल ब्लॉक, लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज तथा जिला महिला चिकित्सालय, मेरठ से मेडिकल ऑफिसर, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, चीफ फार्मासिस्ट, सीएचओ, स्टाफ नर्स, एएनएम, परिवार नियोजन काउंसलर सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान अंतरा-एससी गर्भनिरोधक इंजेक्शन के उपयोग की विधि, पात्र लाभार्थियों का चयन, इंजेक्शन लगाने की सही प्रक्रिया, आवश्यक परामर्श, संभावित दुष्प्रभाव एवं उनके प्रबंधन तथा फॉलोअप से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों की क्षमता का विकास करते हुए अंतरा-एससी सेवा की गुणवत्ता एवं उपलब्धता को मजबूत करना है, ताकि पात्र लाभार्थियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (आरसीएच), जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनएचएम), मंडलीय एवं जिला परिवार नियोजन एवं लॉजिस्टिक प्रबंधक, एमएच कंसल्टेंट सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment