लखनऊ में शिक्षक अभ्यर्थियों का जमकर हंगामा

शिक्षा मंत्री का आवास घेरा, सड़क पर लेटे, पुलिस से धक्कामुक्की
लखनऊ (एजेंसी)।68500 सहायक शिक्षक भर्ती में आरक्षण विसंगति के मामले को लेकर सोमवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास पर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने सीटी बजाकर और नारेबाजी कर अपनी मांगों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।

अभ्यर्थियों का कहना है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश में ओबीसी दिव्यांग अभ्यर्थियों के परिणाम में संशोधन कर नियुक्ति देने की बात कही गई है। उनके मुताबिक, आयोग ने 150 में से 60 अंक यानी 40 प्रतिशत के आधार पर परिणाम संशोधित करने और नियुक्ति देने के साथ आरक्षण विसंगति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। अभ्यर्थियों ने इसी आदेश के अनुपालन की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री के आवास पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने ‘संदीप भैया न्याय करो’, ‘है हक हमारा आरक्षण, हम लेकर रहेंगे आरक्षण’ और ‘बाबू कल्याण सिंह अमर रहे’ सहित कई नारे लगाए। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाकर हिरासत में लिया और ईको गार्डन भेज दिया।

अभ्यर्थियों के अनुसार, एक सितंबर से ईको गार्डन में उनका अनवरत धरना चल रहा है। सोमवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी प्रदर्शन में शामिल हुए। आजमगढ़ से आए अभ्यर्थी सच्चिदानंद तेज धूप के कारण शिक्षा मंत्री के आवास के गेट के सामने अचेत होकर गिर गए।
वहां मौजूद एसएचओ विपिन सिंह ने उन्हें भीड़ से बाहर छांव में पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, उनका मुंह धुलाया गया, जूते उतारकर बिस्किट और पानी दिया गया। इसके बाद एहतियात के तौर पर पुलिस की गाड़ी से उन्हें सिविल अस्पताल भेजा गया।

प्रदर्शन में आशुतोष वर्मा, नवीन चौधरी, अखिल कुमार, रंजना जायसवाल, दीपक पटेल, इशिता पाल, अजय मावी, उमेश गुप्ता, तारिक, राम प्रवेश, विनोद प्रजापति, शिव शंकर गौड़, अमित पटेल, सच्चिदानंद, संतोष, सुनील, कुशल, जोगेंद्र और अरुण मौर्या समेत अन्य अभ्यर्थी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts