गांधी दर्शन के रंगों से सजे पोस्टर, क्विज में परखी गांधी विचारधारा की समझ

मेरठ कॉलेज में गांधी जयंती पर रचनात्मकता और ज्ञान का संगम, विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

मेरठ। गांधी जयंती के उपलक्ष्य में मेरठ कॉलेज में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, ज्ञान और नैतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। ललित कला विभाग की ओर से ‘गांधी दर्शन’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता तथा नैतिक क्लब की ओर से महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित क्विज प्रतियोगिता कराई गई।

ललित कला विभाग में आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. नीरज कुमार, निर्णायक मंडल की डॉ. मधु बाजपेई एवं डॉ. पूर्णिमा वशिष्ठ ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में कला, विज्ञान, विधि, शिक्षा और वाणिज्य समेत विभिन्न संकायों के 42 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

निर्णायक मंडल के निर्णय के अनुसार बीकॉम की एंजल सोम ने प्रथम, बीएससी की गुनगुन ने द्वितीय और ललित कला की सरिता शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बीए की शगुन रानी और ललित कला की आफिया को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। विभागाध्यक्ष प्रो. अमृत लाल ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि संयोजिका प्रो. अंजू चौधरी ने आभार व्यक्त किया।

पांच राउंड में हुई गांधी जीवन पर क्विज

इसी क्रम में श्री रामकुमार गुप्ता सभागार में नैतिक क्लब की ओर से स्नातक विद्यार्थियों के लिए गांधी जी के जीवन पर आधारित क्विज आयोजित की गई। इसमें विधि, बायोटेक्नोलॉजी, कंप्यूटर साइंस, बायो, कला और बीएड विभाग की छह टीमों ने हिस्सा लिया।

पांच राउंड की प्रतियोगिता में प्रत्येक सही उत्तर पर 10 अंक, जबकि गलत उत्तर या उत्तर नहीं देने पर 5 अंक की कटौती का प्रावधान रखा गया। अंतिम चरण में टीम सी, डी और ई के समान अंक होने पर प्राचार्य प्रो. नीरज कुमार ने निर्णायक प्रश्न पूछा। इसके आधार पर टीम सी ने प्रथम, टीम डी ने द्वितीय और टीम ई ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्राचार्य ने विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts