101 चैनल पार्टनर्स में से चुने गए श्रेष्ठ तीन, हरियाणा-बिहार-महाराष्ट्र के प्रतिनिधि सम्मानित

‘2030 का भारत’ के वर्चुअल समारोह में ग्राउंड रिपोर्टिंग और सक्रिय सहभागिता के आधार पर हुआ चयन

इंदौर। देश को भूख से मुक्त करने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने और सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में काम कर रहे सोशल इंपैक्ट प्लेटफॉर्म ‘2030 का भारत’ ने अपने चैनल पार्टनर्स के योगदान को सम्मानित किया। बुधवार को आयोजित वर्चुअल सम्मान समारोह में देशभर से जुड़े 101 चैनल पार्टनर्स में से सक्रिय ग्राउंड रिपोर्टिंग और निरंतर सहभागिता के आधार पर तीन श्रेष्ठ चैनल पार्टनर्स का चयन किया गया।

प्रथम स्थान के लिए हरियाणा के हिसार निवासी डॉ. अजय लोहान, बिंदास हरियाणा न्यूज को सम्मानित किया गया। उन्हें 5,100 रुपये की सम्मान राशि, मेडल और शॉल प्रदान किया गया।

द्वितीय स्थान पर बिहार के दरभंगा जिले के बिरौल निवासी आकिब शेख, मोबाइल रिपोर्टर रहे। उन्हें 2,100 रुपये की सम्मान राशि, मेडल और शॉल देकर सम्मानित किया गया।

वहीं तृतीय स्थान महाराष्ट्र के भुसावल निवासी सद्दाम खटीक, बीके टाइम्स न्यूज को मिला। उन्हें 1,100 रुपये की सम्मान राशि, मेडल और शॉल प्रदान किए गए।

इस अवसर पर ‘2030 का भारत’ के संस्थापक एवं सीईओ डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि 2030 का लक्ष्य केवल एक समयसीमा नहीं, बल्कि ऐसे भारत की कल्पना है, जहां विकास का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए समाज के अलग-अलग वर्गों और क्षेत्रों को आपस में जुड़कर अपनी भूमिका निभानी होगी। चैनल पार्टनर्स की सक्रिय भागीदारी इस सामूहिक प्रयास को और मजबूत करती है।

समारोह में तीनों सम्मानित चैनल पार्टनर्स के योगदान की सराहना की गई। देश के विभिन्न राज्यों से जुड़े चैनल पार्टनर्स ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की।

‘2030 का भारत’ संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों में शून्य भुखमरी (SDG-2), गुणवत्तापूर्ण शिक्षा (SDG-4) और सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा (SDG-7) पर केंद्रित होकर समुदायों, संस्थाओं, कॉरपोरेट्स और स्वयंसेवकों को एक मंच से जोड़ने का कार्य कर रहा है। संस्था का उद्देश्य इन वैश्विक लक्ष्यों को जमीनी स्तर पर ठोस बदलाव में बदलना है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts