लेखिका ज्योति जैन की चार पुस्तकों का भव्य लोकार्पण, साहित्यकारों ने रचनाकर्म को सराहा

साहित्यिक समारोह में उमड़ा साहित्य प्रेमियों का हुजूम, चारों पुस्तकें नातिनों और नातियों को कीं समर्पित

इंदौर ।शहर की सुप्रसिद्ध लेखिका ज्योति जैन की चार पुस्तकों का भव्य लोकार्पण एवं परिचर्चा समारोह शिवना प्रकाशन के तत्वावधान में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में साहित्य जगत की प्रमुख हस्तियों ने लेखिका के साहित्यिक योगदान और उनकी रचनाओं पर विचार व्यक्त करते हुए लेखन की सराहना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारती भाटे के वंदे मातरम गान, दिव्या मंडलोई की सरस्वती वंदना और अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। स्वागत वक्तव्य में पंकज सुबीर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए ज्योति जैन को 'सुपर वूमन' बताया। उन्होंने कहा कि लेखिका ने चूल्हे-चौके से निकलकर किताबों का चौका सजाया है। उन्होंने इंदौर से बड़ी संख्या में पहुंचे साहित्यप्रेमियों की उपस्थिति की भी सराहना की।

इसके बाद लेखिका की चार पुस्तकों 'घूरना मना है', 'मूँडो देखी ने तिलक काढ़े', 'षष्ठीपूर्ति' और 'प्रतिनिधि कहानियाँ' का मंचासीन अतिथियों ने लोकार्पण किया। विशेष बात यह रही कि लेखिका ने अपनी चारों पुस्तकों को अपने नातिनों और नातियों को समर्पित किया।

इस अवसर पर ज्योति जैन ने अपनी रचना प्रक्रिया के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उपस्थित सभी लोग उनके जीवन के ब्रह्मांड के सितारे और नक्षत्र हैं। उनके स्नेह और आशीर्वाद ने ही उन्हें 'ज्योति' बनाया है। उन्होंने लेखन को साधना बताते हुए अपने व्यंग्य लेखन की शुरुआत से जुड़े संस्मरण भी सुनाए। पूर्व केंद्रीय मंत्री की सहजता की प्रशंसा करते हुए उन्होंने शेर पढ़ा—

"था नहीं उसे अपने कद का अंदाज,
आसमां है वो सिर झुकाए बैठा है।"

मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. विकास दवे ने ज्योति जैन को चार साहित्यिक संततियों के सृजन की बधाई दी। उन्होंने भरे सभागार को स्नेह की विजय का पर्व बताते हुए लेखिका की विभिन्न रचनाओं पर चर्चा की। उन्होंने 'नजरबट्टू', 'शिरीन', 'इफ यू लव समबडी', 'घूरना मना है' और 'साड़ी बुला रही है' जैसी कृतियों का उल्लेख करते हुए मालवी संग्रह की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए साहित्य सृजन करना प्रशंसनीय उपलब्धि है।

समारोह की अध्यक्षता प्रसिद्ध आलोचक एवं व्यंग्यकार बीएल आच्छा ने की। उन्होंने पुस्तकों की गहराई और सार्थकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि व्यंग्य केवल आलोचना नहीं, बल्कि तर्क का विषय है। उन्होंने लेखिका की लघुकथाओं की संवेदनशीलता और अंतर्मन को छूने वाली अभिव्यक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि जीवन को बोनसाई करने की नहीं, बल्कि छांव देने की जरूरत है।

कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया का स्वागत स्वयं लेखिका ज्योति जैन ने किया। अन्य अतिथियों का स्वागत शरद कुमार जैन, अमर कौर चड्ढा, महेंद्र जैन, वैजयंती दाते, राजेंद्र कुमार तिवारी और डॉ. शोभा प्रजापति ने किया।

समारोह के दौरान हेमंत बड़जात्या, चेतन कुसुमाकर और विजयलक्ष्मी ने अतिथियों एवं सहयोगियों को स्मृति चिह्न भेंट किए। वहीं, ज्योति जैन ने भारती भाटे, दिव्या मंडलोई और कार्यक्रम का सफल संचालन करने वाली स्मृति आदित्य को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। अंत में स्वर्णिम माहेश्वरी ने सभी का आभार व्यक्त किया। समारोह में शहर के अनेक गणमान्य साहित्यकारों और साहित्यप्रेमियों की उपस्थिति रही।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts