रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन का शक्ति प्रदर्शन, 23 दलों के नेता जुटे; राहुल-अखिलेश समेत विपक्षी दिग्गज भरेंगे हुंकार
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में 10 लाख लोगों के जुटने का दावा, सुबह से पहुंचने लगे कार्यकर्ता; 200 से अधिक CCTV कैमरों से निगरानी, दिल्ली पुलिस अलर्ट
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को कांग्रेस के नेतृत्व वाले INDIA गठबंधन की महारैली आयोजित की जा रही है। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे के साथ हो रही इस रैली में 23 विपक्षी दलों के नेता शामिल होंगे। राहुल गांधी, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी समेत विपक्ष के कई बड़े नेताओं के पहुंचने की संभावना है। गठबंधन ने रैली में करीब 10 लाख लोगों के जुटने का दावा किया है।
रैली का मुख्य मुद्दा मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से भी रैली में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने इसे लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई बताया है।
सुबह 5:30 बजे से पहुंचने लगे कार्यकर्ता
रविवार सुबह से ही रामलीला मैदान में समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। विभिन्न वामपंथी दलों के कार्यकर्ता झंडे और बैनर लेकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां से वे समूहों में रैली स्थल की ओर रवाना हुए। डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर के मुताबिक, सुबह 5:30 बजे से ही लोग पहुंचने लगे थे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने और स्थानीय निवासियों को परेशानी से बचाने के लिए विशेष व्यवस्था की है।
250 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पूरे इलाके को 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है। आयोजकों ने भी अपना कंट्रोल रूम बनाया है। पुलिस और आयोजक मिलकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। रैली के साथ प्रस्तावित पैदल मार्च के लिए भी अलग से रूट प्लान तैयार किया गया है।
कनॉट प्लेस से रामलीला मैदान तक मार्च
महारैली से पहले INDIA गठबंधन के नेता कनॉट प्लेस से रामलीला मैदान तक पैदल मार्च निकालेंगे। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर मार्च का रूट मैप साझा करते हुए लोगों से साथ चलने की अपील की है। वहीं, व्यापारियों को होने वाले संभावित नुकसान की आशंकाओं पर राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा अफवाह फैला रही है। उन्होंने लोगों से रैली में शामिल होने के साथ स्थानीय बाजारों से खरीदारी करने की अपील भी की, ताकि व्यापारियों को नुकसान न हो।


No comments:
Post a Comment