संगीत, भक्ति और डांडिया की धूम के साथ टीवी9 फेस्टिवल ऑफ इंडिया का समापन
नई दिल्ली। मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में आयोजित टीवी9 फेस्टिवल ऑफ इंडिया सीजन-4 का पांच दिवसीय आयोजन संगीत, भक्ति, डांडिया और सांस्कृतिक रंगों की छटा बिखेरने के बाद संपन्न हो गया। 16 से 20 अक्टूबर तक चले इस महोत्सव में दुर्गा पूजा, लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट, डांडिया नाइट्स, खरीदारी और देशभर के पारंपरिक व्यंजनों का संगम देखने को मिला।
महोत्सव में गायिका हरशदीप कौर की सूफियाना प्रस्तुति और रफ्तार के ऊर्जावान संगीत ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। लगातार तीन दिन आयोजित डांडिया नाइट्स में बीपी सिंह, श्रेयस धर्माधिकारी, निजामी बंधु, सौरभ शौरी और फलिता ने प्रस्तुतियां दीं। वहीं डीजे शिवाल, डीजे वेरोनिका और डीजे नितेश गुलयानी ने अपनी धुनों से माहौल को उत्साहपूर्ण बनाया।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण भव्य दुर्गा पूजा पंडाल रहा। यहां श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन किए और संधि पूजा, हवन, धुनुची नृत्य तथा सिंदूर खेला जैसी परंपराओं में हिस्सा लिया। शॉपिंग बाजार, विभिन्न राज्यों के व्यंजनों के स्टॉल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और बच्चों की गतिविधियों ने आयोजन को पारिवारिक उत्सव का रूप दिया।
टीवी9 नेटवर्क के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर-नेशनल एंड इंटरनेशनल के. विक्रम ने कहा कि महोत्सव को मिली प्रतिक्रिया संगीत, संस्कृति और परंपराओं के प्रति लोगों के प्रेम को दर्शाती है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले कलाकारों, अतिथियों, सहयोगियों और दर्शकों का आभार जताया।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और अनुप्रिया पटेल, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं। अभिनेता-गायक एवं सांसद मनोज तिवारी, सुधांशु त्रिवेदी, राजीव शुक्ला, पवन खेड़ा, डॉ. महेश शर्मा और मुख्तार अब्बास नकवी समेत अनेक प्रमुख हस्तियों ने भी महोत्सव की शोभा बढ़ाई।
एनपीसीआई भीम और एसबीआई गोल्ड पार्टनर, हीरो मोबिलिटी पार्टनर तथा सेंको गोल्ड स्पेशल पार्टनर रहे। अन्य सहयोगी संस्थानों ने भी आयोजन में योगदान दिया। पांच दिनों तक चले इस महोत्सव ने भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और आधुनिक मनोरंजन को एक मंच पर लाकर राजधानी के प्रमुख आयोजनों में अपनी पहचान मजबूत की।


No comments:
Post a Comment