सुभारती में फिल्म निर्माण कार्यशाला शुरू, विद्यार्थी सीखेंगे सिनेमा की बारीकियां
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में ‘फिल्में कैसे बनती हैं’ विषय पर सात दिवसीय फिल्म निर्माण कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। इसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों को फिल्म निर्माण की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। पश्चिम बंगाल के फिल्म निर्माता एवं निर्देशक अमलान कुसुम घोष विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देंगे।
कार्यशाला का उद्घाटन कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) सुधीर त्यागी, अमलान कुसुम घोष, साप्ताहिक प्रभात के संपादक प्रो. अशोक त्यागी, संयोजक डॉ. संतोष कुमार गौतम, डॉ. आशुतोष वर्मा और डॉ. प्रीति सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रो. सुधीर त्यागी ने कहा कि फिल्म निर्माण मनोरंजन के साथ सामाजिक सरोकारों और रचनात्मक अभिव्यक्ति का प्रभावी माध्यम है। ऐसी कार्यशालाओं से विद्यार्थियों को पटकथा लेखन, कैमरा संचालन, संपादन और दृश्य प्रस्तुति की व्यावहारिक जानकारी मिलती है। कार्यशाला संयोजक डॉ. संतोष कुमार गौतम ने कहा कि विद्यार्थियों को फिल्म निर्माण की पूरी प्रक्रिया से परिचित कराना और उनकी रचनात्मक सोच को तकनीकी दक्षता से जोड़ना इसका मुख्य उद्देश्य है।
मुख्य प्रशिक्षक अमलान कुसुम घोष ने विद्यार्थियों को रचनात्मक दृष्टिकोण, प्रभावशाली दृश्यांकन और तकनीकी अनुशासन का महत्व बताया। सात दिवसीय कार्यशाला में पटकथा लेखन, प्री-प्रोडक्शन प्लानिंग, कैमरा फ्रेमिंग, लाइटिंग, निर्देशन और पोस्ट-प्रोडक्शन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन बीएजेएमसी प्रथम वर्ष की छात्रा उमामा अरशद ने किया। अंत में डॉ. प्रीति सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment