दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, खाटूश्यामजी जा रहे बैतूल के 8 श्रद्धालुओं की मौत

करीब 25 यात्रियों से भरी मिनीबस 15 फीट नीचे नाले में गिरी, क्रेन की मदद से चलाया गया बचाव अभियान

कोटा (राजस्थान)।राजस्थान में कोटा के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। कराड़िया के नजदीक श्रद्धालुओं से भरी एक मिनीबस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे से नीचे करीब 15 फीट गहरे नाले में जा गिरी। हादसे में मध्य प्रदेश के बैतूल निवासी आठ लोगों की मौत होने की सूचना है। बस में करीब 25 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। सभी श्रद्धालु राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए निकले थे।

नाले में पानी और कीचड़ से बचाव कार्य में परेशानी

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। मिनीबस नाले में गिरने के कारण बचावकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। नाले में पानी और कीचड़ भरा होने से यात्रियों तक पहुंचने में दिक्कत आई। बस को निकालने और बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए क्रेन की मदद ली गई।

शुक्रवार रात बैतूल से निकले थे श्रद्धालु

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मिनीबस में सवार सभी यात्री मध्य प्रदेश के बैतूल के रहने वाले थे। वे शुक्रवार रात खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। कराड़िया के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे नाले में जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में मदद की।

हादसे के कारणों की जांच का इंतजार

दुर्घटना में आठ लोगों की मौत की सूचना सामने आई है। हादसे के कारणों और घायलों की स्थिति को लेकर प्रशासन की विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। राहत एवं बचाव दल का ध्यान बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने पर रहा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts