स्पेन में दो हाईस्पीड ट्रेनों की भीषण टक्कर, 64 की मौत, 179 घायल

200 किमी प्रति घंटे से अधिक रफ्तार से चलती हैं ट्रेनें, कई डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त; राहत-बचाव अभियान जारी

मैड्रिड,एजेंसी। स्पेन के टोलेडो प्रांत में बुधवार को दो हाईस्पीड ट्रेनों की भीषण टक्कर में 64 लोगों की मौत हो गई, जबकि 179 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेन के कई डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए। राहत एवं बचाव दल घायलों को निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में जुटे हैं।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हादसा स्थानीय समयानुसार सुबह करीब नौ बजे मोरा और ओरगाज कस्बों के बीच हुआ। बताया गया है कि एक ट्रेन ने दूसरी ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी। दोनों ट्रेनें सरकारी कंपनी रेनफे (Renfe) और निजी कंपनी इर्यो (Iryo) की थीं। इन ट्रेनों की रफ्तार आमतौर पर 200 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक होती है।



मैड्रिड-अंदालूसिया रेल सेवा बंद

हादसे के बाद राजधानी मैड्रिड को दक्षिणी अंदालूसिया क्षेत्र से जोड़ने वाली रेल लाइन पर यातायात रोक दिया गया। कई ट्रेनें रद्द होने से रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री ट्रेनों की स्थिति जानने के लिए स्टेशनों पर इंतजार करते रहे।

प्रधानमंत्री ने जताया दुख, बचाव कार्य जारी

स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि घटना की खबर सुनकर वह सदमे में हैं। प्रशासन और आपातकालीन सेवाओं की टीमें प्रभावित लोगों की मदद में जुटी हैं। टोलेडो प्रांत के उर्दा शहर के मेयर मैनुअल गालान के मुताबिक, बचाव दल ने घायलों की देखभाल के लिए एक खेल परिसर को तैयार रखने को कहा है।



हादसे की वजह की जांच होगी

हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है। जांच में सिग्नल सिस्टम, ब्रेक और ट्रेनों के संचालन से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक, रेनफे ट्रेन का ड्राइवर भी लापता बताया गया है। ट्रेन ड्राइवरों के संगठनों ने हादसे को असामान्य करार दिया है।

जनवरी में भी हुआ था बड़ा रेल हादसा

रिपोर्ट के अनुसार, इसी साल जनवरी में भी स्पेन के अंदालूसिया क्षेत्र के अदामुज के पास इर्यो और रेनफे की ट्रेनों के बीच टक्कर हुई थी। उस हादसे में 46 लोगों की मौत हुई थी। अब एक बार फिर रेल दुर्घटना में बड़ी संख्या में लोगों की जान जाने से देश की हाईस्पीड रेल व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts