सोतीगंज में हाजी गल्ला के गोदाम पर पुलिस का छापा, नहीं मिला संदिग्ध सामान

एसएसपी के आदेश पर स्वाट टीम और सदर बाजार पुलिस ने की जांच, गोदाम पहले ही खाली किए जाने की भी चर्चा

मेरठ। वाहन कटान के लिए कुख्यात सोतीगंज में बुधवार शाम पुलिस ने कबाड़ी हाजी गल्ला के गोदाम पर छापा मारा। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के आदेश पर स्वाट टीम नगर और सदर बाजार थाना पुलिस ने गोदाम की जांच की। हालांकि, पुलिस को वहां कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला। चर्चा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही गोदाम खाली कर दिया गया था, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बिल्ला से चोरी के वाहन के पार्ट्स मिलने के बाद कार्रवाई

तीन दिन पहले सोतीगंज निवासी अब्दुल रहमान उर्फ बिल्ला की पुलिस से मुठभेड़ हुई थी। पुलिस ने उसके पास से चोरी की गाड़ियों के पार्ट्स बरामद किए थे। इसके बाद क्षेत्र में दोबारा वाहन कटान का नेटवर्क सक्रिय होने की आशंका जताई जाने लगी। इसी के मद्देनजर पुलिस इलाके में निगरानी बढ़ाने के साथ छापेमारी कर रही है।

2021 में चला था बड़ा अभियान

सोतीगंज में पहले चोरी की लग्जरी गाड़ियों को काटकर उनके पुर्जे बेचने का धंधा बड़े पैमाने पर चलता था। आरोप था कि कुछ लोग चोरी की गाड़ियों के चेसिस नंबर बदलकर उन्हें मोटी रकम में बेच देते थे। वर्ष 2021 में तत्कालीन एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने वाहन कटान के खिलाफ अभियान चलाया था। इस दौरान हाजी गल्ला समेत कई कबाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई, गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई हुई और कई कबाड़ियों की संपत्तियां भी कुर्क की गई थीं।

फिर चर्चा में आया सोतीगंज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक भाषण में भी सोतीगंज का उल्लेख हो चुका है। अब बिल्ला के पास से चोरी की गाड़ियों के पार्ट्स मिलने और हाजी गल्ला के गोदाम पर छापेमारी के बाद यह इलाका फिर सुर्खियों में है। पुलिस की कार्रवाई के बीच वाहन कटान का नेटवर्क दोबारा सक्रिय होने की आशंका की जांच की जा रही है। हालांकि, छापेमारी में संदिग्ध सामान नहीं मिलने के बाद गोदाम में किसी अवैध गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts