खादी महोत्सव में 5.35 करोड़ का कारोबार, बीटूबी समझौतों से खुलेंगे नए बाजार

10 दिन में 2.20 करोड़ की नकद बिक्री, 3.15 करोड़ के व्यावसायिक समझौते; रैंट्रोव नेचुरल्स को मिले 13.55 लाख के ऑर्डर

मेरठ। हुनर को बाजार मिला तो कारोबार ने भी रफ्तार पकड़ ली। किसी उद्यमी को लाखों रुपये के ऑर्डर मिले तो किसी को नए खरीदारों से जुड़कर कारोबार विस्तार का अवसर मिला। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित मंडलीय खादी महोत्सव छोटे कारोबारियों और ग्रामीण उद्यमियों के लिए बड़ा कारोबारी मंच बनकर उभरा। दस दिन तक चले महोत्सव में करीब 5.35 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। इसमें 2.20 करोड़ रुपये की नकद बिक्री और 3.15 करोड़ रुपये के बिजनेस-टू-बिजनेस (बीटूबी) समझौते शामिल रहे। रविवार शाम सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच महोत्सव का समापन हुआ।

110 स्टॉल पर खादी से ब्लैक पॉटरी तक की धूम

उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित महोत्सव में 110 स्टॉल लगाए गए। इनमें खादी वस्त्र, बनारसी साड़ियां, क्रॉकरी, माटीकला उत्पाद, हस्तशिल्प, खाद्य सामग्री और महिलाओं के गृह उद्योगों से जुड़े उत्पादों ने ग्राहकों को आकर्षित किया। अचार, मसाले और शहद जैसे उत्पादों की भी खूब मांग रही। महोत्सव में स्थानीय और दूसरे जिलों से आए कारोबारियों को बिक्री बढ़ाने के साथ अपने उत्पादों की पहचान नए ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर मिला।



लाखों के ऑर्डर से कारोबारियों के चेहरे खिले

हाथरस के आर्य हींग के संचालक कमलकांत दीक्षित को चार बड़े ऑर्डर मिले। इससे उन्हें शुरुआती वर्ष में ही दस लाख रुपये से अधिक का सालाना कारोबार होने की उम्मीद है। सीमा सागर माटीकला की संचालिका सीमा को ब्लैक पॉटरी और सिरेमिक टेराकोटा उत्पादों के पांच लाख रुपये से अधिक के ऑर्डर मिले।

मुरादाबाद के एचआरके हैंडीक्राफ्ट को करीब दो लाख रुपये के ऑर्डर मिले, जबकि ढाई लाख रुपये से अधिक की नकद बिक्री हुई। भदोही के मोबिन शाह हैंडीक्राफ्ट को कालीन के सात लाख रुपये से अधिक के ऑर्डर मिले। सहारनपुर के क्लासिक वुड हैंडीक्राफ्ट के संचालक इकबाल अहमद ने भी महोत्सव में अच्छा कारोबार किया। वहीं, रैंट्रोव नेचुरल्स की राखी चौधरी को 13 लाख 55 हजार रुपये के बीटूबी ऑर्डर मिले।



बीटूबी समझौतों से बढ़ेंगी व्यावसायिक संभावनाएं

महोत्सव में खुदरा बिक्री के साथ बड़े खरीदारों और कारोबारियों के बीच व्यावसायिक समझौते भी हुए। कुल 3.15 करोड़ रुपये के बीटूबी समझौतों से उद्यमियों को भविष्य में नए बाजारों तक पहुंचने और कारोबार का विस्तार करने की उम्मीद जगी है। खादी, हस्तशिल्प और ग्रामीण उद्योगों से जुड़े कारोबारियों के लिए यह मंच उत्पादों को बड़े खरीदारों तक पहुंचाने और व्यावसायिक संबंध विकसित करने का माध्यम बना।

कमलकांत दीक्षित बिक्री में अव्वल, तीन कारोबारी सम्मानित

रविवार शाम आयोजित समापन समारोह में प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर ने सर्वाधिक बिक्री करने वाले तीन कारोबारियों को सम्मानित किया। हींग के व्यापारी कमलकांत दीक्षित ने 5,61,811 रुपये की बिक्री के साथ पहला स्थान हासिल किया। भारतीय ग्रामीण विकास, मेरठ के अजय सिंह 4,20,000 रुपये की बिक्री कर दूसरे और रैंट्रोव नेचुरल्स की राखी अघेरा 3,69,000 रुपये की बिक्री के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

दस दिन में 5.35 करोड़ रुपये का कारोबार और लाखों रुपये के व्यावसायिक ऑर्डर महोत्सव की बड़ी उपलब्धि रहे। इससे खादी, माटीकला और हस्तशिल्प से जुड़े छोटे कारोबारियों को बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने तथा ग्रामीण उद्योगों को नई व्यावसायिक संभावनाओं से जोड़ने का अवसर मिला।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts