प्रेम संबंध में बाधा बना पति तो प्रेमिका संग मिलकर की हत्या, 26 दिन बाद प्रेमी गिरफ्तार
हार्ट अटैक बताकर दफनाया था शव, कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराने पर खुला राज; मोबाइल चैट बनी अहम सबूत
मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी में तालिब हत्याकांड में पुलिस ने फरार आरोपी अमन को घटना के 26 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, तालिब की पत्नी इलमा ने अपने प्रेमी अमन और उसके एक साथी के साथ मिलकर कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। वारदात के बाद पत्नी ने परिजनों को मौत की वजह हार्ट अटैक बताई थी। इसके चलते परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव को गांव में दफना दिया। बाद में कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई। पुलिस इलमा को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पत्नी के प्रेम प्रसंग का विरोध करने पर हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र के रसूलपुर भदेड़ी निवासी तालिब जाकिर कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था। चार साल पहले उसकी शादी ब्रह्मपुरी निवासी इलमा से हुई थी। इसी दौरान इलमा का अमन से प्रेम प्रसंग हो गया। तालिब को इसकी जानकारी हुई तो उसने अमन को पत्नी से बातचीत करने से मना किया। आरोप है कि इसी बात को लेकर 28 सितंबर की रात इलमा ने अमन और उसके साथी के साथ मिलकर तालिब की गला दबाकर हत्या कर दी।
हार्ट अटैक बताकर दफना दिया था शव
तालिब की मौत के बाद इलमा ने परिजनों को बताया कि उसकी मौत हार्ट अटैक से हुई है। इस पर परिजनों ने शव को बिना पोस्टमार्टम कराए गांव में दफना दिया। बाद में तालिब के ममेरे भाई रईस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई। जिलाधिकारी के आदेश पर 14 अक्टूबर को कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी और इलमा को गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल चैट से खुला हत्या का राज
जांच के दौरान तालिब का मोबाइल फोन अहम सबूत बना। पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को इलमा ससुराल से जाकिर कॉलोनी लौटी थी। अगले दिन तालिब का ममेरा भाई रईस वहां पहुंचा और उसने तालिब का मोबाइल मांगा, लेकिन इलमा ने मोबाइल देने से इनकार कर दिया। इससे उसे शक हुआ। बाद में घर से मोबाइल बरामद कर उसकी जांच की गई तो उसमें इलमा और अमन के बीच हुई बातचीत की चैट मिली। चैट से पता चला कि तालिब ने अमन को उससे दूर रहने की चेतावनी दी थी।
दिल्ली और गाजियाबाद में छिपा था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद अमन गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली और गाजियाबाद में अपने रिश्तेदारों के यहां छिपा हुआ था। 26 दिन बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


No comments:
Post a Comment