डीएवी स्पोर्ट्स में खिलाड़ियों का जलवा, 50 से ज्यादा स्कूलों ने दिखाया दमखम

मेरठ, 3 अक्टूबर। डीएवी पब्लिक स्कूल, मेरठ के तत्वावधान में डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स-2026 की रीजनल प्रतियोगिताओं का शनिवार को जोश, उत्साह और खेल भावना के साथ आगाज हुआ। सात क्लस्टरों के 50 से अधिक डीएवी विद्यालयों के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, शूटिंग, वेटलिफ्टिंग, टेबल टेनिस, कराटे और आर्चरी में खिलाड़ियों के बीच जोरदार मुकाबले हुए।

मार्च पास्ट ने बढ़ाया उत्साह

उद्घाटन समारोह में बागपत सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान मुख्य अतिथि रहे। उत्तर प्रदेश विधान परिषद पीठासीन अधिकारी अश्विन त्यागी, डीएवी स्कूल यूपी जोन-ए की क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. अल्पना शर्मा, मैनेजर आभा गंगल, एमएलसी अश्वनी गुप्ता, डीएवी हापुड़ के प्रधानाचार्य डॉ. विनीत त्यागी समेत अतिथियों ने खिलाड़ियों के मार्च पास्ट की सलामी ली। इसके बाद रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिताओं के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की गई।



फुटबॉल से बॉक्सिंग तक खिलाड़ियों का दबदबा

क्रिकेट अंडर-14 में डीएवी लोहिया नगर और अंडर-17 में डीएवी पिलखुवा का प्रदर्शन शानदार रहा। फुटबॉल अंडर-14 में डीएवी अमेठी, अंडर-17 में डीएवी काकरी तथा अंडर-19 में डीएवी अमेठी और डीएवी साहिबाबाद ने जीत दर्ज की। बॉक्सिंग में आरव पाठक, लक्ष्य, कृश राघव और कार्तिकेय ने स्वर्ण पदक हासिल किए। शूटिंग में देवांश चौधरी ने 200 में से 185 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया।



बैडमिंटन, वेटलिफ्टिंग और आर्चरी में भी खिलाड़ियों ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। आर्चरी अंडर-17 में साहिबाबाद के यथार्थ जौहरी ने स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रतियोगिताओं की श्रृंखला चार अक्टूबर को भी जारी रहेगी।

प्रधानाचार्या अपर्णा जैन ने कहा कि रीजनल प्रतियोगिताओं की मेजबानी विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। आयोजन में खेल विभागाध्यक्ष प्रवेश डबास, वीरपाल चौहान, सोनल अरोड़ा, उर्वशी शर्मा समेत आयोजन समिति की पूरी टीम का सहयोग रहा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts