छात्रों ने नमो भारत की आधुनिक परिवहन व्यवस्था को करीब से जाना
मेरठ,नई दिल्ली। भारत सरकार की ‘रिफॉर्म उत्सव’ पहल के तहत एनसीआरटीसी ने सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर आईआईटी दिल्ली समेत विभिन्न संस्थानों के छात्रों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के लिए फैमिलराइज़ेशन आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया। प्रतिभागियों को नमो भारत की संचालन व्यवस्था, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा प्रोटोकॉल और मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी की जानकारी दी गई।
गाइडेड टूर और संवाद के दौरान प्रतिभागियों ने स्टेशन कंट्रोल रूम का दौरा कर ट्रेन और स्टेशन संचालन में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक तकनीक को समझा। सराय काले खां स्टेशन पर ट्रैवलेटर युक्त फुट ओवर ब्रिज के जरिए रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी और मेट्रो स्टेशन के बीच कनेक्टिविटी की जानकारी भी दी गई।
महिला नेतृत्व और सुरक्षा पर जोर
एनसीआरटीसी टीम ने बताया कि नमो भारत के संचालन में महिलाएं ट्रेन ऑपरेटर, स्टेशन कंट्रोलर समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रही हैं। प्रतिभागियों को महिलाओं के लिए समर्पित कोच और अन्य यात्रियों के लिए आरक्षित सीटों की व्यवस्था की जानकारी दी गई।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत एआई-इनेबल्ड लगेज स्कैनर, डुअल-व्यू एक्स-रे प्रणाली और सीसीटीवी निगरानी के बारे में भी बताया गया। प्रतिभागियों को लिफ्ट, एस्केलेटर, ट्रैवलेटर और बेहतर लास्ट-माइल कनेक्टिविटी जैसी सुविधाओं की जानकारी मिली। इसके बाद उन्हें नमो भारत ट्रेन में यात्रा कर प्रणाली और यात्री सुविधाओं का प्रत्यक्ष अनुभव कराया गया।

No comments:
Post a Comment