विराट कोहली ने 5 करोड़ रुपये लेने के दावे पर तोड़ी चुप्पी
कहा- प्रेमानंद महाराज के आश्रम में जाने के लिए रुपये लेने का दावा बेबुनियादनई दिल्ली (एजेंसी)।विराट कोहली ने वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के आश्रम की यात्रा के लिए 5 करोड़ रुपये लेने के दावे को झूठा करार दिया है। कोहली के प्रवक्ता ने एक बयान जारी किया, जिसमें कहा गया कि यह दावे पूरी तरह झूठे, बेबुनियाद और तथ्यात्मक रूप से गलत हैं।
याद दिला दें कि राधा केली कुंज आश्रम में प्रेमानंद महाराज के शिष्य की रहस्यमयी मौत के बाद यह आरोप सामने आए थे। श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष फलाहारी महाराज ने दावा किया कि प्रेमानंद महाराज के आश्रम में आने के लिए कोहली को 5 करोड़ रुपये दिए गए थे। इससे आध्यात्मिक गुरु की लोकप्रियता में इजाफा होता।
इन आरोपों को नकारते हुए कोहली की टीम ने कहा, 'हम साफ तौर पर कहना चाहते हैं कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा ने विराट कोहली के बारे में जो दावे किए हैं, वे पूरी तरह से झूठे, बेबुनियाद और तथ्यों के लिहाज से गलत हैं।' बयान में आगे कहा गया, 'विराट कोहली महाराज जी के प्रति अपनी गहरी आस्था और श्रद्धा के कारण प्रेमानंद महाराज जी से मिलने जाते हैं। हम इन दावों का पुरजोर खंडन करते हैं और मीडिया से अनुरोध है कि वो सावधानी बरतें, ऐसी बातों को रिपोर्ट करने या आगे बढ़ाने से पहले तथ्यों की जांच कर लें व जिम्मेदारी से रिपोर्टिंग करें।'
बता दें कि ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे पता चल सके कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने आश्रम की यात्रा के लिए रुपये लिए थे। बता दें कि कोहली और उनकी पत्नी बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा नियमित रूप से राधा केली कुंज आश्रम आते हैं। 4 जनवरी 2023 को पहली बार स्टार कपल ने आश्रम की यात्रा की थी। इसके बाद कई बार दोनों ने आध्यात्मिक गुरु के आश्रम की यात्रा की।


No comments:
Post a Comment