नमो भारत के मुरीद हुए केंद्रीय मंत्री, 4.5 करोड़ यात्रियों के सफर की कहानी देखी
अर्बन मोबिलिटी इंडिया-2026 में एनसीआरटीसी के स्टॉल का उद्घाटन, 2900 किमी के संभावित कॉरिडोर से बदलेगी क्षेत्रीय कनेक्टिविटी की तस्वीर
मेरठ। नमो भारत अब केवल तेज रफ्तार रेल सेवा नहीं, बल्कि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और सुनियोजित शहरी विकास का नया मॉडल बनकर उभर रही है। भुवनेश्वर में आयोजित 19वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस एवं एक्सपो-2026 में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने अपनी प्रदर्शनी के जरिए इसी बदलती तस्वीर को सामने रखा। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने 23 अक्टूबर को एनसीआरटीसी के एग्जिबिशन स्टॉल का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में नमो भारत की आधुनिक तकनीक, मेरठ मेट्रो के साथ एकीकरण और ट्रांजिट-ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) की योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
4.5 करोड़ यात्रियों ने चुनी नमो भारत
एनसीआरटीसी के मुताबिक, अक्टूबर 2023 में प्राथमिक खंड पर परिचालन शुरू होने के बाद दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर नमो भारत यात्रियों के लिए तेज, सुरक्षित और आरामदायक क्षेत्रीय परिवहन का विकल्प बन गई है। इस कॉरिडोर पर अब तक 4.5 करोड़ से अधिक यात्री सफर कर चुके हैं, जबकि प्रतिदिन एक लाख से ज्यादा यात्री इसकी सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। 82 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर 15 स्टेशन हैं। इसी बुनियादी ढांचे के साथ मेरठ मेट्रो सेवा का एकीकरण भी किया गया है।
2900 किमी के संभावित कॉरिडोर पर नजर
प्रदर्शनी में नमो भारत मॉडल के देश के दूसरे हिस्सों में विस्तार की संभावनाओं को भी सामने रखा गया। एनसीआरटीसी के अनुसार, प्रमुख क्षेत्रीय क्लस्टर्स में करीब 2900 किलोमीटर लंबे संभावित नमो भारत कॉरिडोर की पहचान की गई है। आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 में भी क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने वाले ऐसे कॉरिडोर के महत्व को रेखांकित किया गया है। इनसे बड़े क्षेत्रीय क्लस्टर्स को आर्थिक विकास के नए केंद्रों के रूप में विकसित करने में मदद मिल सकती है।
दुहाई से सराय काले खां तक विकास की झलक
एनसीआरटीसी ने प्रदर्शनी में ट्रांजिट-ओरिएंटेड डेवलपमेंट की योजनाओं को भी प्रदर्शित किया। इस अवधारणा के तहत परिवहन केंद्रों के आसपास आवासीय, व्यावसायिक और मिश्रित उपयोग वाले क्षेत्रों का सुनियोजित विकास किया जाता है। दुहाई नमो भारत स्टेशन और सराय काले खां के आसपास प्रस्तावित विकास योजनाओं के साथ हरनंदीपुरम और न्यू मेरठ में प्रस्तावित टीओडी टाउनशिप की झलक भी दिखाई गई। इसका उद्देश्य बेहतर कनेक्टिविटी के साथ किफायती आवास और टिकाऊ शहरी विकास को बढ़ावा देना है।
एआर-वीआर तकनीक से समझाया नमो भारत का सिस्टम
एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल और वरिष्ठ अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, ओडिशा के आवासन एवं शहरी विकास तथा सार्वजनिक उद्यम मंत्री डॉ. कृष्ण चंद्र महापात्रा, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के शहरी विकास विभाग के सचिव सतेंद्र सिंह समेत अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। अधिकारियों ने अतिथियों को नमो भारत की यात्री सुविधाओं, आधुनिक तकनीक और क्षेत्रीय विकास में इसकी भूमिका की जानकारी दी।
स्टॉल पर इंटरैक्टिव मॉडल, विजुअल डिस्प्ले और ऑगमेंटेड रियलिटी (एआर) व वर्चुअल रियलिटी (वीआर) तकनीक के माध्यम से नमो भारत प्रणाली की कार्यप्रणाली और रखरखाव से जुड़े पहलुओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।
डिजिटल दौर में सुगम शहरों पर मंथन
23 और 24 अक्टूबर को भुवनेश्वर में आयोजित अर्बन मोबिलिटी इंडिया-2026 का विषय ‘डिजिटल युग में शहरी सुगमता और रहने योग्य शहर’ है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय और ओडिशा सरकार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में नीति-निर्माता, परिवहन प्राधिकरण, उद्योग जगत और तकनीकी विशेषज्ञ शहरी परिवहन को बेहतर बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।
एनसीआरटीसी ने प्रदर्शनी के माध्यम से यह संदेश दिया कि परिवहन के विभिन्न साधनों का एकीकरण, तेज क्षेत्रीय रेल सेवा और स्टेशनों के आसपास नियोजित विकास मिलकर शहरों और आसपास के क्षेत्रों को अधिक सुलभ, सुविधाजनक और टिकाऊ बना सकते हैं।


No comments:
Post a Comment