शाहजहांपुर में 389 व्यक्तियों की हुई स्वास्थ्य जांच, जरूरतमंदों को बांटे निशुल्क चश्मे
सेवा संकल्प अभियान के 19वें शिविर में 389 लोगों की आंखों की जांच, कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों की हुई स्क्रीनिंग
मेरठ। किठौर क्षेत्र के शाहजहांपुर स्थित भवानी डिग्री कॉलेज में रविवार को न्यूबर्ग औद्योगिक समूह एवं जसवंत सिंह रामेश्वरी त्यागी ट्रस्ट के तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान के तहत 19वां निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 389 लोगों की विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई। वहीं, 289 लोगों की आंखों की जांच कर जरूरतमंदों को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए। अभियान के तहत अब तक आयोजित स्वास्थ्य शिविरों से करीब 12 हजार लोग लाभान्वित हो चुके हैं।
शिविर का उद्घाटन पूर्व विधायक सत्यवीर त्यागी और नगर पंचायत शाहजहांपुर के चेयरमैन वसी रहमान ने फीता काटकर किया। पूर्व विधायक ने कहा कि गांव के अंतिम छोर तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना जरूरी है। जरूरतमंद चाहे किसी भी वर्ग या धर्म का हो, उसे समय पर उपचार और जांच की सुविधा मिलनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। शिविर का निरीक्षण करने पूर्व विधायक के पुत्र प्रदीप त्यागी भी पहुंचे।
225 की रक्त जांच, 282 लोगों की कैंसर स्क्रीनिंग
शिविर में रक्तचाप, मधुमेह सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गईं। 225 लोगों की रक्त जांच हुई। इसके अलावा 88 लोगों की मुंह के कैंसर, 145 महिलाओं की स्तन कैंसर और 49 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर की जांच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराईं। जरूरतमंदों को निशुल्क चश्मे और सैनिटरी पैड भी वितरित किए गए।
निशुल्क चश्मा पाकर बोले बुंदू खान- आंखों में छा गया उजाला
शिविर में जांच कराने पहुंची कैसर जहां ने स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की। बुंदू खान ने कहा कि बिना चश्मे के उन्हें ठीक से दिखाई नहीं दे रहा था। शिविर में निशुल्क चश्मा मिलने के बाद अब आंखों में उजाला छा गया है।
शिविर के आयोजन में आईटी सेल संयोजक अरीब खान, चिराग, अजीत सिंह, मॉडल पब्लिक स्कूल के ऑनर हरिओम पंडित समेत अन्य लोगों का सहयोग रहा।


No comments:
Post a Comment