मेरठ में 24 दिसंबर तक लागू रहेगी धारा-163, डीएम ने जारी किए प्रतिबंधात्मक आदेश
दीपावली से गुरु तेगबहादुर शहीदी दिवस तक त्योहारों और परीक्षाओं के मद्देनजर फैसला, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और बिना अनुमति लाउडस्पीकर बजाने पर रोक
मेरठ। आगामी त्योहारों, धार्मिक आयोजनों और विभिन्न आयोगों की प्रतियोगी परीक्षाओं को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट डॉ. वीके सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत जनपद मेरठ के संपूर्ण क्षेत्र में प्रतिबंधात्मक एवं निषेधात्मक आदेश जारी किए हैं। ये आदेश 27 अक्टूबर 2026 से 24 दिसंबर 2026 की मध्य रात्रि 12 बजे तक प्रभावी रहेंगे।
डीएम ने बताया कि आगामी दिनों में दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज, चित्रगुप्त जयंती, गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा और गुरु तेगबहादुर शहीदी दिवस सहित विभिन्न पर्व प्रस्तावित हैं। इसके अलावा विभिन्न आयोगों की प्रतियोगी परीक्षाएं और महाविद्यालयों की परीक्षाएं भी आयोजित होनी हैं। मेरठ को संवेदनशील जिला बताते हुए उन्होंने आशंका जताई कि असामाजिक एवं शरारती तत्व अफवाह फैलाकर सांप्रदायिक, जातिगत और वर्गगत विद्वेष पैदा करने तथा कानून-व्यवस्था और शांति भंग करने का प्रयास कर सकते हैं।
सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले कार्यक्रमों पर रोक
जारी आदेश के अनुसार, किसी भी व्यक्ति, संस्था या संगठन को सांप्रदायिक सद्भाव और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास नहीं करने दिया जाएगा। सार्वजनिक अथवा निजी स्थल पर ऐसा कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जा सकेगा, जिससे किसी जाति, पंथ, संगठन या धर्म के अनुयायियों की भावनाएं आहत हों अथवा सांप्रदायिक या धार्मिक उन्माद की स्थिति उत्पन्न हो।
प्रचार के लिए किसी अन्य व्यक्ति की भूमि या भवन का बिना पूर्व अनुमति उपयोग नहीं किया जा सकेगा। भवन स्वामी की अनुमति के बिना भवन, दीवार अथवा अन्य स्थान पर पोस्टर, हैंडबिल चिपकाने, प्रचार संबंधी लेख लिखने तथा होर्डिंग या कटआउट लगाने पर भी प्रतिबंध रहेगा।
बिना अनुमति लाउडस्पीकर बजाने पर प्रतिबंध
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी समारोह, कार्यक्रम या जुलूस में लाउडस्पीकर सहित ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग बिना पूर्व अनुमति नहीं किया जाएगा। अनुमति मिलने की स्थिति में भी निर्धारित शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा।
डीएम ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों की तात्कालिकता को देखते हुए व्यक्तिगत रूप से नोटिस देकर सुनवाई करने के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध नहीं है। इसलिए जन सुरक्षा, लोक शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से एकपक्षीय रूप से आदेश पारित किए गए हैं। ये प्रतिबंध जनपद के सभी 32 थाना क्षेत्रों, महिला थाना सहित, में लागू होंगे तथा मेरठ की सीमाओं में आने-जाने या उपस्थित रहने वाले सभी व्यक्तियों पर प्रभावी रहेंगे।
आदेश की अवधि आवश्यकता पड़ने पर निर्धारित तिथि से पहले समाप्त की जा सकती है अथवा बढ़ाई जा सकती है। आदेश के किसी भी प्रावधान का उल्लंघन भारतीय न्याय संहिता की धारा-223 के अंतर्गत दंडनीय अपराध होगा।


No comments:
Post a Comment