मेरठ-सहारनपुर की दोनों एमएलसी सीटों पर भाजपा का कब्जा
शिक्षक सीट पर श्रीचंद शर्मा ने 13,241 और स्नातक सीट पर दिनेश गोयल ने 12,856 वोटों से दर्ज की जीत, दोनों प्रत्याशियों को मिला प्रमाण पत्र
मेरठ। मेरठ-सहारनपुर खंड की शिक्षक और स्नातक विधान परिषद सीटों पर भाजपा ने जीत का परचम लहराया। शिक्षक सीट पर भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा ने 13,241 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की, जबकि स्नातक सीट पर भाजपा के दिनेश गोयल ने 12,855 मतों से प्रतिद्वंद्वी को शिकस्त दी। दोनों सीटों पर भाजपा की जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा।
मोदीपुरम स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में मंगलवार को मतगणना संपन्न हुई। जीत के बाद शिक्षक सीट के विजेता श्रीचंद शर्मा की ओर से उनके बेटे अविनाश शर्मा ने मंडल आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी से प्रमाण पत्र प्राप्त किया। वहीं, स्नातक सीट पर विजयी दिनेश गोयल ने स्वयं प्रमाण पत्र हासिल किया।
स्नातक सीट पर दिनेश गोयल को मिले 24,929 वोट
स्नातक एमएलसी सीट पर भाजपा प्रत्याशी दिनेश गोयल को कुल 24,929 मत मिले। सपा प्रत्याशी प्रमेन्द्र सिंह भाटी 12,073 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे। दोनों के बीच जीत का अंतर 12,856 मत रहा। निर्दलीय प्रत्याशियों में राहुल कुशवाहा को 1,736, अमित कुमार जैन को 977, दुष्यंत त्यागी को 607 और एडवोकेट विक्रांत वशिष्ठ को 454 वोट मिले। विजय कुमार त्यागी को 401 और सैयद अकरम रजा को 285 मत प्राप्त हुए।इस सीट पर कुल 45,438 मत पड़े। इनमें से 41,462 मत वैध पाए गए, जबकि 3,976 मत निरस्त कर दिए गए।
शिक्षक सीट पर श्री चंद शर्मा को 18099 , डा नितिन तोमर को 4858 , डा. कुलदीप मलिक को 1320, तनुज गंभीर को 72, पंकज शर्मा को 243, वाकर हुसैन को 132 , सुनील चौधरी को 1698 , सुशील कुमार पुंडीर को 168 , सूरज पाल दूहड को 168, हरकेश को 236 वोट पडे। कुल वोट 31214 वोट पड़े । जिसमें 2809 अवैध मत पाए गये । जबकि कुछ वैध मत 280405 रहे।
मतगणना से पहले निर्दलीय प्रत्याशी की पुलिस से झड़प
मतगणना शुरू होने से पहले निर्दलीय प्रत्याशी विक्रांत वशिष्ठ और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी हो गई। इस दौरान विक्रांत ने एक पुलिसकर्मी से कहा, 'हमें रोकोगे, तुम्हारी औकात क्या है।' मामला बढ़ने पर एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। परिसर में पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। मतगणना पूरी होने के बाद सभी 18 प्रत्याशी एक-एक कर केंद्र से चले गए। इसके बाद वहां प्रत्याशियों के एजेंट और पुलिस-प्रशासन की टीम ही मौजूद रही।



No comments:
Post a Comment