24 घंटे के अखंड रामायण पाठ से गूंजा मेरठ, 11 एकादश हनुमान पाठ संकल्प की पूर्णाहुति

महाआरती और हवन के साथ हुआ दो दिवसीय आध्यात्मिक आयोजन का समापन, श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद

मेरठ। नगर की सुख-शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा के प्रसार के उद्देश्य से द आर्ट ऑफ लिविंग, मेरठ की ओर से आयोजित 24 घंटे के अखंड रामायण पाठ एवं 11 एकादश हनुमान पाठ संकल्प की शुक्रवार शाम महाआरती, पूर्णाहुति और प्रसाद वितरण के साथ पूर्णाहुति हुई। मंगल पांडे नगर स्थित केंद्र (662/2) पर आयोजित दो दिवसीय आध्यात्मिक समागम में बड़ी संख्या में साधकों और श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

आयोजन की शुरुआत एक अक्टूबर शाम सात बजे अखंड रामायण पाठ के साथ हुई। अगले दिन दो अक्टूबर शाम सात बजे तक पाठ निरंतर चलता रहा। इस दौरान पूरा वातावरण श्रीराम नाम के जाप, भक्ति संगीत और ध्यान की आध्यात्मिक ऊर्जा से गुंजायमान रहा।

द आर्ट ऑफ लिविंग की डॉ. सपना अग्रवाल ने बताया कि समाज और क्षेत्र के कल्याण के उद्देश्य से 11 पाठ का संकल्प लेने से सकारात्मक एवं शांतिदायक वातावरण का निर्माण होता है। इसी भावना के साथ मेरठ के विभिन्न क्षेत्रों में 11 बार एकादश हनुमान चालीसा पाठ कराया गया, जिसमें सभी वालंटियर्स ने सक्रिय सहभागिता की।

वेद मंत्रों के बीच हवन में दी पूर्णाहुति

शुक्रवार शाम सात बजे वेद मंत्रों के उच्चारण के बीच हवन आयोजित किया गया। श्रद्धालुओं ने आहुति देकर संकल्प की पूर्णाहुति की। इसके बाद सामूहिक महाआरती हुई और उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

द आर्ट ऑफ लिविंग मेरठ के मीडिया कोऑर्डिनेटर नीरज मित्तल और वेस्ट यूपी मीडिया कोऑर्डिनेटर पुलकित त्यागी ने कार्यक्रम में शामिल मीडिया प्रतिनिधियों, साधकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी समाज में शांति, सद्भाव और भारतीय संस्कृति के संवर्धन के लिए आध्यात्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts