मेडिकल कॉलेज में एसएमसीटी-2026 खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ
मार्च पास्ट में रेड, येलो, ग्रे और ब्लू हाउस के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, क्रिकेट-बैडमिंटन समेत कई प्रतियोगिताएं होंगी
मेरठ।मेडिकल कॉलेज के स्टेडियम में बृहस्पतिवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता एसएमसीटी-2026 का उत्साह और उल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट और परेड के जरिए अनुशासन, एकता और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता और गेल गैस लिमिटेड के सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक एवं अधिकारी प्रभारी विनय कुमार सहित अन्य अतिथियों ने रिबन काटकर और आसमान में कबूतर उड़ाकर किया। इस दौरान डॉ. अमित गर्ग, डॉ. लोकेश कुमार सिंह, डॉ. अमरेंद्र चौधरी, डॉ. संदीप मलियान और डॉ. राहुल सिंह मौजूद रहे।
खेलों से विकसित होती है टीम भावना
प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने कहा कि चिकित्सा जैसे तनावपूर्ण और जिम्मेदारी से भरे क्षेत्र में खेलकूद का महत्व और बढ़ जाता है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मेडिकल छात्रों और डॉक्टरों में टीम भावना, अनुशासन और मानसिक मजबूती भी विकसित करते हैं।
उद्घाटन समारोह में कॉलेज के रेड, येलो, ग्रे और ब्लू हाउस के छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट में भाग लिया। इसके बाद खिलाड़ियों को खेल नियमों का पालन करने और निष्पक्षता के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की शपथ दिलाई गई।
क्रिकेट, फुटबॉल और एथलेटिक्स में दिखेगा दम
एसएमसीटी-2026 के तहत क्रिकेट, बैडमिंटन, फुटबॉल, कबड्डी और एथलेटिक्स समेत विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उद्घाटन दिवस पर हुए पहले मुकाबले में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
समारोह के अंत में डॉ. अंशु टंडन ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए अतिथियों, संकाय सदस्यों और प्रतिभागियों का आभार जताया। प्रतियोगिताओं के अंतिम मुकाबलों के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मुख्य समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। इस अवसर पर कॉलेज प्रशासन, वरिष्ठ चिकित्सक, फैकल्टी सदस्य और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment