रैंप वॉक और रंगारंग प्रस्तुतियों से सजी ‘परिचय 2026’ की शाम
वेंकटेश्वरा में फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन, वैभव बने मिस्टर वीजीआई और शीतल को मिला मिस वीजीआई का खिताब
मेरठ। दिल्ली-रुड़की बाईपास स्थित वेंकटेश्वरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में शनिवार को नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत में ‘परिचय 2026’ फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रैंप वॉक और विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रुप डायरेक्टर डॉ. पंकज कुमार, डायरेक्टर (एकेडमिक्स) डॉ. राहुल शर्मा, डायरेक्टर (शिक्षा) डॉ. बीसी दुबे और प्रिंसिपल डॉ. नितिन राज वर्मा ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने एकल और सामूहिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया। रैंप वॉक में आकर्षक परिधानों में सजे विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा दिखाई। विभिन्न गतिविधियों के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया।
खिताब जीतकर विद्यार्थियों ने जमाई धाकप्रतियोगिताओं में बीसीए के वैभव को ‘मिस्टर वीजीआई’ और शीतल को ‘मिस वीजीआई’ चुना गया। मैनेजमेंट के नमन सोम और फार्मेसी के शिवम ने ‘मिस्टर फ्रेशर’ का खिताब हासिल किया, जबकि मैनेजमेंट की भूमिका और फार्मेसी की खुशी ‘मिस फ्रेशर’ बनीं। बीबीए की इल्मा को ‘बेस्ट परफॉर्मर’, एजुकेशन विभाग की आस्था को ‘मिस गॉर्जियस’ और बीबीए की वंशिका सागर को ‘फैशन आइकन’ चुना गया। फार्मेसी के रचित को सबसे रचनात्मक प्रतिभागी का खिताब मिला।निर्णायक मंडल में फार्मेसी डायरेक्टर डॉ. रतेंद्र कुमार, ब्रजपाल सिंह और मोना चौधरी शामिल रहे।
मेहनत और टीम वर्क से मिलेगी सफलता
ग्रुप डायरेक्टर डॉ. पंकज कुमार ने विद्यार्थियों को रचनात्मक सोच और टीम वर्क का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर देते हैं। डायरेक्टर (एकेडमिक्स) डॉ. राहुल शर्मा ने विद्यार्थियों को हर कार्य में अपना सर्वश्रेष्ठ देने और मेहनत व लगन से लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। प्रिंसिपल डॉ. नितिन राज वर्मा ने विजेताओं के नाम घोषित करते हुए सभी प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में डायरेक्टर (शिक्षा) डॉ. बीसी दुबे ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर सभी विभागों के प्राचार्य, विभागाध्यक्ष, शिक्षक और मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




No comments:
Post a Comment