शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव: 18 प्रत्याशियों की किस्मत बैलेट बॉक्स में बंद होगी

मेरठ-सहारनपुर खंड की दोनों सीटों पर मतदान शुरू, बूथों पर मतदाताओं की कतारें; मेरठ जिले में 107 बूथों पर 22,100 मतदाता करेंगे मतदान

मेरठ। मेरठ-सहारनपुर खंड की शिक्षक और स्नातक एमएलसी सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान शुरू हो गया। दोनों सीटों पर कुल 18 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ पुलिस भी लगातार निगरानी कर रही है।

स्नातक सीट पर भाजपा-सपा में मुकाबला

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल आठ प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। भाजपा से दिनेश गोयल और सपा से प्रमेंद्र सिंह चुनाव मैदान में हैं। इनके अलावा अमित कुमार जैन, दुष्यंत, मोहम्मद अकरम रजा, राहुल कुशवाहा, विक्रांत त्यागी और विजय कुमार त्यागी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।

इस सीट पर कुल 1,28,595 मतदाता पंजीकृत हैं। इनके लिए 127 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।


शिक्षक सीट पर 10 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के श्रीचंद शर्मा और सपा के नितिन कुमार तोमर समेत 10 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। अन्य प्रत्याशियों में कुलदीप मलिक, तनुज गंभीर, पंकज कुमार, बाकिर हुसैन, स्वराज पाल, सुशील, डॉ. सुशील कुमार पुंडीर और हरकेश सिंह शामिल हैं।

इस सीट पर 64,525 मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान के लिए 121 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

मेरठ जिले में 22,100 मतदाता करेंगे मतदान

मेरठ जिले में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के कुल 22,100 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 15,600 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 6,500 मतदाता शामिल हैं। जिले में कुल 107 बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 77 स्नातक और 30 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के हैं।

जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह के अनुसार, मतदान को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सेक्टर और जोनल स्तर पर मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

कृषि विश्वविद्यालय में जमा होंगे बैलेट बॉक्स

मतदान समाप्त होने के बाद सभी बैलेट बॉक्स सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा कराए जाएंगे। मेरठ के अलावा संबंधित जिलों के बैलेट बॉक्स भी यहीं रखे जाएंगे। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर

चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की निगरानी रहेगी। जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार नजर रख रही हैं। अफवाह फैलाने या चुनावी माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए कंट्रोल रूम भी सक्रिय रखा गया है।

स्नातक मतदाताओं को मतदान के लिए विशेष अवकाश

निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, पात्र स्नातक मतदाताओं को वोट डालने के लिए विशेष अवकाश देने का प्रावधान किया गया है। जिला निर्वाचन कार्यालय ने संबंधित संस्थानों से पात्र मतदाताओं को मतदान का अवसर देने की अपील की है, ताकि कोई भी मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts