छह माह में 17 बाइक चुराईं, अंतरराज्यीय गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार
खंडहर में छिपाकर रखी थीं चोरी की बाइकें, होंडा डिलक्स और स्प्लेंडर को बनाते थे निशाना
मेरठ। मेरठ समेत तीन जिलों में छह माह से बाइक चोरी की वारदात कर रहे गिरोह के चार सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर खंडहरनुमा मकान से चोरी की 15 बाइकें बरामद की गईं। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो चोरी की बाइक के साथ चारों आरोपियों को पकड़ा था। पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य मुख्य रूप से पुरानी होंडा डिलक्स और स्प्लेंडर बाइक को निशाना बनाते थे।
सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि वाहनों की चेकिंग के दौरान सीओ दौराला के नेतृत्व में पल्लवपुरम थाना प्रभारी भरत सारस्वत की टीम ललसाना चौराहे पर जांच कर रही थी। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार युवकों को संदिग्ध देखकर रोका गया। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। जांच में दोनों बाइक चोरी की निकलीं।
खंडहर में छिपाई थीं 15 बाइकें
पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर एनसी कॉलोनी स्थित एक खंडहरनुमा मकान से 15 और चोरी की बाइकें बरामद कीं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रियांशु (20), निवासी भगवानपुर गांव, दक्ष (18), निवासी मनिहार मोहल्ला लावड़, आदित्य सैनी (19), निवासी लंका वाली गली, लावड़ और विराज (18), निवासी भगवानपुर गांव, थाना इंचौली के रूप में हुई है।
एसएसपी के अनुसार आरोपियों के खिलाफ मेरठ, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में बाइक चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। इनके आपराधिक इतिहास और गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
रेकी के बाद करते थे वारदात
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि चारों करीब छह माह पहले संगठित होकर बाइक चोरी करने लगे थे। चोरी की बाइक के पार्ट्स निकालकर बेचने की योजना थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोरी का सामान खरीदने में कोई कबाड़ी या अन्य व्यक्ति तो शामिल नहीं था।
आरोपियों के मुताबिक वे मुख्य रूप से पुरानी होंडा डिलक्स और स्प्लेंडर बाइक ही चोरी करते थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि इन मॉडलों के लॉक दूसरी चाबी से आसानी से खुल जाते हैं। वारदात से पहले वे बाइक और आसपास के क्षेत्र की रेकी करते थे और सीसीटीवी कैमरों की मौजूदगी की जानकारी लेने के बाद चोरी करते थे।
एसएसपी ने बताया कि गिरोह संगठित तरीके से अपराध कर रहा था। इसलिए आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की बिक्री से जुड़े लोगों की भी तलाश कर रही है।

No comments:
Post a Comment