‘अनुपमा’ फेम पारस कलनावत की ‘अप्सरा’ से टीवी पर वापसी, 15-18 किलो वजन घटाकर बदला लुक

बोले- टीवी शोज में काम करना बहुत याद आ रहा था, स्टार प्लस पर लौटना घर वापसी जैसा

मुंबई, अक्टूबर। ‘अनुपमा’ फेम अभिनेता पारस कलनावत जल्द ही स्टार प्लस के आगामी सुपरनैचुरल शो ‘अप्सरा’ में नजर आएंगे। करीब चार साल बाद स्टार प्लस पर वापसी कर रहे पारस इस शो में समीक्षा जायसवाल और अनुष्का मर्चंडे के साथ दिखाई देंगे। मुक्ता धोंड के इस शो की कहानी समुद्र मंथन से प्रेरित है, जिसमें बुरी शक्तियों से अमृत की रक्षा करने और अपनों को बचाने की चुनौती देखने को मिलेगी। शो में पारस एक नए और रफ-टफ अंदाज में नजर आएंगे।

टीवी की दुनिया में लौटने को लेकर उत्साहित

अपनी वापसी के बारे में पारस कलनावत ने कहा कि करीब तीन-चार साल बाद स्टार प्लस पर लौटना उनके लिए घर वापस आने जैसा है। उन्होंने बताया कि ‘अनुपमा’ उनके करियर का अहम पड़ाव रहा और इस शो ने उन्हें एक बड़ा अवसर दिया। यही वजह है कि स्टार प्लस उनके लिए हमेशा खास रहेगा।

पारस ने कहा कि उन्होंने वेब सीरीज की दुनिया में काम करने के लिए टेलीविजन से कुछ समय का ब्रेक लिया था, लेकिन इस दौरान उन्हें एहसास हुआ कि वह टीवी शोज में काम करना कितना याद कर रहे थे। टेलीविजन उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा रहा है और इसी दौरान उन्हें ‘अप्सरा’ में काम करने का प्रस्ताव मिला।

पहली बार दिखेगा रफ-टफ अंदाज

अपने नए शो को लेकर पारस खासे उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से निर्माता मुक्ता धोंड के साथ काम करना चाहते थे और अब यह मौका मिलने से खुश हैं। समीक्षा जायसवाल और अनुष्का मर्चंडे के साथ काम करने का अनुभव भी उनके लिए अच्छा रहा है।

शो में दर्शकों को पारस का बदला हुआ लुक देखने को मिलेगा। अभिनेता के मुताबिक, वह पहली बार पर्दे पर थोड़ा रफ-टफ अंदाज अपनाने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले डेढ़ साल में उन्होंने करीब 15 से 18 किलो वजन घटाया है। इसके साथ ही उन्होंने शरीर की चर्बी कम करने और मांसपेशियां बनाने पर भी मेहनत की है। अपने इस नए लुक को लेकर वह काफी उत्साहित हैं।

21 अक्टूबर से शुरू होगा ‘अप्सरा’

सुपरनैचुरल कहानी और रहस्यमयी घटनाओं से भरपूर शो ‘अप्सरा’ का प्रीमियर 21 अक्टूबर को रात 10:30 बजे होगा। दर्शक इस शो को स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर देख सकेंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts