‘यादें’ के सेट पर गुलकी जोशी और सहज राजपूत ने गरबा-डांडिया के साथ मनाई नवरात्रि
शूटिंग के बाद भी जारी रहा जश्न, कलाकारों ने नाच-गाकर साझा कीं खुशियां
मुंबई, 15 अक्टूबर। सोनी सब के शो ‘यादें’ के सेट पर नवरात्रि का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। अभिनेत्री गुलकी जोशी और सहज राजपूत सहित पूरी टीम गरबा और डांडिया की धुनों पर झूमती नजर आई। रंग-बिरंगे माहौल में कलाकारों ने जमकर मस्ती की और एक-दूसरे के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। खास बात यह रही कि कैमरे बंद होने के बाद भी जश्न का सिलसिला जारी रहा।
सोनी सब का शो ‘यादें’ हास्य, भावनात्मक पलों, रोजमर्रा के रिश्तों और मेडिकल मामलों के अनूठे मेल से दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। शो में डॉ. देव मेहता की भूमिका इकबाल खान, डॉ. सृष्टि अग्रवाल की भूमिका गुलकी जोशी और जिया का किरदार सहज राजपूत निभा रही हैं। कहानी में तीनों पात्र सामुदायिक सेवा के तहत किल्लारी गांव में अपने जीवन का नया अध्याय शुरू कर रहे हैं।
गरबा-डांडिया ने बांधा समां
नवरात्रि ट्रैक की शूटिंग के दौरान सेट पर उत्सव का माहौल देखने को मिला। गरबा और डांडिया की धुनों पर कलाकारों ने जमकर नृत्य किया। एक-दूसरे को नए डांस स्टेप्स सिखाने और उन्हें आजमाने के दौरान कई मजेदार पल भी आए। कलाकारों के लिए यह अवसर केवल त्योहार मनाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एक-दूसरे के साथ यादगार पल बिताने का जरिया भी बना।
गुलकी जोशी ने कहा कि उन्हें डांस करना और तैयार होना बहुत पसंद है। ऐसे में सेट पर नवरात्रि मनाना उनके लिए बेहद मजेदार अनुभव रहा। पूरी टीम के साथ गरबा और डांडिया खेलने में उन्हें खूब आनंद आया। उन्होंने बताया कि कलाकार एक-दूसरे को नए स्टेप्स सिखा रहे थे और कई बार उन्हें करते हुए गड़बड़ भी कर रहे थे। उनके मुताबिक, ऐसे पल काम से आगे बढ़कर आपसी जुड़ाव मजबूत करते हैं और खूबसूरत यादें बनाने का मौका देते हैं।
‘यादें’ की टीम बनी परिवार
जिया का किरदार निभाने वाली सहज राजपूत ने कहा कि सेट पर सभी के साथ गरबा और डांडिया खेलना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। समय के साथ शो की पूरी टीम उन्हें परिवार जैसी लगने लगी है। उन्होंने बताया कि वह हर साल अपने दोस्तों के साथ नवरात्रि मनाती हैं, लेकिन इस बार शो के परिवार के साथ त्योहार मनाने का अनुभव अलग और यादगार रहा। सभी के साथ नाचना, हंसना और खुशियां बांटना उन्हें बहुत अच्छा लगा। उन्होंने आगे भी इसी तरह पूरी टीम के साथ त्योहार मनाने की उम्मीद जताई।
शो ‘यादें’ हर सोमवार से शनिवार रात आठ बजे सिर्फ सोनी सब पर प्रसारित होता है।


No comments:
Post a Comment