संसद में सोमवार से सजेगा 12वां ब्रिक्स संसदीय मंच, 21 देशों के प्रतिनिधिमंडल होंगे शामिल
ओम बिरला ने रूसी संसद के अध्यक्ष व्याचेस्लाव वोलोडिन से की मुलाकात, आतंकवाद से मुकाबले और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता पर हुई चर्चा
नई दिल्ली। भारतीय संसद सोमवार से 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच की मेजबानी करेगी। 26 और 27 अक्टूबर को संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय सम्मेलन में ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों के संसदीय नेता शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों से मुलाकात करेंगे। मंच का मुख्य विषय ‘जन-केंद्रित विकास के लिए संसदों को सशक्त बनाना’ रखा गया है।
ओम बिरला की रूसी प्रतिनिधिमंडल से अहम बैठक
सम्मेलन के शुभारंभ से पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को रूसी संसद के निचले सदन स्टेट ड्यूमा के अध्यक्ष व्याचेस्लाव वोलोडिन के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों पक्षों ने वैश्विक मंचों पर सहयोग मजबूत करने और आतंकवाद से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत पर जोर दिया।
ओम बिरला ने भारत-रूस के बीच लंबे समय से चले आ रहे रणनीतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में रूस के समर्थन की सराहना की। दोनों देशों के राजनयिक संबंध वर्ष 2027 में 80 वर्ष पूरे करेंगे।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता का मुद्दा
बैठक में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार और भारत की स्थायी सदस्यता के विषय पर भी चर्चा हुई। बिरला ने इस मुद्दे पर रूस के निरंतर समर्थन के लिए आभार जताया। उन्होंने जलवायु परिवर्तन और आतंकवाद जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने की जरूरत भी बताई।
दोनों देशों ने संसदीय प्रतिनिधिमंडलों के नियमित आदान-प्रदान और युवा व महिला सांसदों के बीच संवाद बढ़ाने पर भी जोर दिया।
व्यापार, उद्योग और परमाणु ऊर्जा में सहयोग पर जोर
बैठक में व्यापार, निवेश, उद्योग, कृषि और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। वोलोडिन ने द्विपक्षीय व्यापार और निवेश की राह में आने वाली बाधाओं को दूर करने तथा संयुक्त कारोबारी उपक्रमों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई। दोनों पक्षों ने सांस्कृतिक और मानवीय संपर्कों को मजबूत करने पर भी सहमति जताई।
क्यूबा, मिस्र और बेलारूस के प्रतिनिधियों से भी मिले बिरला
रूसी प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के बाद ओम बिरला ने क्यूबा, मिस्र और बेलारूस के संसदीय प्रतिनिधिमंडलों से भी मुलाकात की। सम्मेलन के दौरान उच्चस्तरीय सत्रों के साथ द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकें होंगी। इसमें संसदों की भूमिका, संस्थागत मजबूती, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल तकनीक, वैश्विक शासन व्यवस्था में सुधार तथा सतत विकास जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
सम्मेलन का समापन 27 अक्टूबर को होगा।


No comments:
Post a Comment